Heavy Snowfall In The United States : अमेरिका के ईस्ट कोस्ट में भारी बर्फबारी और खराब मौसम की चेतावनी के बाद एअर इंडिया ने न्यूयॉर्क और नेवार्क जाने वाली सभी उड़ानों को सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए एअर इंडिया ने लिखा कि अमेरिका के न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह से सोमवार तक भारी बर्फबारी वाला सर्दी का तूफान आने की संभावना है। खराब मौसम का फ्लाइट ऑपरेशंस पर बड़ा असर पड़ेगा। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

एयरलाइन ने आगे लिखा कि जिन यात्रियों की टिकट इन तारीखों की है, उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अधिक जानकारी के लिए 24*7 कॉल सेंटर नंबर +91 1169329333 और +91 1169329999 पर संपर्क कर सकते हैं। या फिर एअर इंडिया की ऑफिशियल वेबसाइट पर जा कर भी संपर्क कर सकते हैं।
वहीँ दूसरी तरफ अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस (NWS) ने इस तूफान को गंभीरता से लेने की चेतावनी देते हुए कहा शनिवार से लेकर पूरे वीकेंड तक सेंट्रल अमेरिका से लेकर नॉर्थ-ईस्ट तक इसका असर देखने को मिलेगा। NWS ने लोगों को यात्रा से बचने की सलाह दी है। उसने कहा कि सड़कों पर हालात बेहद खराब हो सकते हैं और कई जगहों पर ड्राइविंग असंभव हो सकती है।

CNN की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका की करीब दो-तिहाई आबादी इस भीषण सर्दी के तूफान और अत्यधिक ठंड की चपेट में है। यह तूफान टेक्सास से लेकर न्यू इंग्लैंड तक 2000 मील से ज्यादा इलाके में फैल सकता है। भारी बर्फ और बर्फीली बारिश से बिजली की लाइनें प्रभावित हो सकती हैं, जिससे लाखों लोगों की बिजली कई दिनों तक गुल हो सकती है।

