शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 521 अंक चढ़कर दो माह के शीर्ष पर

Stock Market Rises for Fourth Straight Session; Sensex Jumps 521 Points to Two-Month High
Stock Market Rises for Fourth Straight Session; Sensex Jumps 521 Points to Two-Month High

Sensex jumps 521 points । दिग्गज बैंक शेयरों में खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजार दो माह के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया। लगातार चौथे सत्र की बढ़त के दौरान सेंसेक्स में 521 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी 160 अंक चढ़ गया। विश्लेषकों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों के ताजा पूंजी प्रवाह ने भी घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख को मजबूती दी।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 521.16 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,285.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 634.15 अंक यानी 0.81 प्रतिशत चढ़कर 78,398.06 अंक तक पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 159.50 अंक यानी 0.66 प्रतिशत बढ़कर 24,430.35 अंक पर बंद हुआ। यह घरेलू शेयर बाजार में तेजी का लगातार चौथा सत्र रहा। इन चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स कुल 1,806.4 अंक यानी 2.36 प्रतिशत चढ़ चुका है, जबकि निफ्टी में 564.6 अंक यानी 2.36 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक का शेयर सर्वाधिक 3.59 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और मारुति के शेयर भी बढ़त में रहे।

दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फिनसर्व और पावर ग्रिड के शेयर नुकसान में रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.82 प्रतिशत के नुकसान के साथ 71.53 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,355.33 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “वैश्विक संकेतकों के मिले-जुले रुख के बावजूद घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के साथ कारोबार हुआ, जिसमें कच्चे तेल की स्थिर कीमतों से समर्थन मिला। कच्चे तेल में नरमी से मुद्रास्फीति, चालू खाते का संतुलन, पेट्रोलियम विपणन कंपनियों की लाभप्रदता और समग्र व्यापक आर्थिक स्थिरता को समर्थन मिलेगा।” नायर ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े शेयरों में मुनाफावसूली का असर बाजारों पर दिखा, लेकिन विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार से भारत का प्रदर्शन खासकर बड़ी कंपनियों के शेयरों में बेहतर रह सकता है।

व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.71 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मॉलकैप में 0.47 प्रतिशत की तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में रियल्टी खंड ने सर्वाधिक 1.82 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई जबकि निजी बैंक सूचकांक में 1.50 प्रतिशत, शीर्ष 10 बैंक खंड में 1.24 प्रतिशत और पूंजीगत उत्पाद खंड में 1.19 प्रतिशत की बढ़त रही। इक्विरस वेल्थ के प्रबंध निदेशक एवं व्यवसाय प्रमुख अंकुर पुंज ने कहा, ”मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बावजूद घरेलू बाजारों ने अपना बढ़त का रुझान बरकरार रखा। इसमें चुनिंदा बैंकों, वाहन, पूंजीगत उत्पाद एवं रियल्टी शेयरों में खरीदारी की अहम भूमिका रही।” एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन के शंघाई कम्पोजिट में गिरावट आई। यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बंद रहे थे। शुक्रवार को सेंसेक्स 261.79 अंक बढ़कर 77,763.91 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 95.15 अंक चढ़कर 24,270.85 अंक पर रहा था।