Seafood Exporters Association of India: नई दिल्ली में मनाया गया सीफ़ूड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया का स्वर्ण जयंती समारोह

Seafood Exporters Association of India नई दिल्ली: सीफ़ूड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEAI) ने 25 सितंबर की शाम राजधानी के ताज पैलेस होटल के दरबार हॉल में अपना स्वर्ण जयंती समारोह बड़े धूमधाम से मनाया। 52 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का जश्न मनाने के लिए उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियाँ एकत्र हुईं। इस अवसर पर ऊर्जा एवं नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक तथा भारी उद्योग एवं इस्पात राज्यमंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा की मौजूदगी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक लेस्ली लुईस ने अपने शानदार संगीत प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

एसईएआई के अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि संगठन देशभर के सीफ़ूड निर्यातकों के लिए एक केंद्रीय संस्था के रूप में कार्य करता है। भारतीय सीफ़ूड निर्यात को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह संगठन लाखों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराता है, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल हैं। एसईएआई की गतिविधियाँ गुजरात से लेकर पश्चिम बंगाल तक सभी तटीय राज्यों में फैली हुई हैं।

एसईएआई के महासचिव डॉ. के.एन. राघवन ने कहा कि संगठन एमपीईडीए और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय खाद्य और सीफ़ूड मेलों में भारतीय निर्यातकों की भागीदारी सुनिश्चित करता है। साथ ही, यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार विवादों और नियामकीय चुनौतियों जैसे उद्योग से जुड़े मुद्दों को हल करने में भी सक्रिय भूमिका निभाता है ताकि निर्यातकों के हितों की रक्षा हो सके और उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो।