Mixed Disability Cricket : मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी-20 सीरीज का आयोजन 29 जनवरी से किया जा रहा है जो छह फरवरी तक खेली जाएगी। भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली इस पांच मैचों की सीरीज के पहले तीन मुकाबले ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में होंगे, जबकि अंतिम दो मैच जयपुर में खेले जायेंगे। मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट की विशेषता है कि इसमें शारीरिक दिव्यांगता, श्रवण बाधित और बौद्धिक दिव्यांगता से जुड़े खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा करते है।
भारतीय टीम की तैयारियां 19 जनवरी से जयपुर के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो चुकी है, वहीँ 25 जनवरी को टीम इंडिया ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना होगी, जबकि इंग्लैंड पुरुष मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम के 23 जनवरी को भारत पहुंचने की उम्मीद है।
डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल आफ इंडिया (डीसीसीआई) के महासचिव रवि कांत चौहान ने इस बारे में बात करते हुए बताया कि भारत में इंग्लैंड की मेजबानी यह दर्शाती है कि मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है। हमें विश्वास है कि यह दौरा देशभर के कई उभरते खिलाडि़यों को प्रेरित करेगा। आइसीसी भी इस पहल को समर्थन दे रहा है। भारतीय टीम का शिविर जारी है और खिलाड़ी मजबूत इंग्लिश टीम का सामना करने के लिए उत्साहित हैं।

