Fake ID Racket Busted : स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कुमाऊं यूनिट और ट्रांजिट कैंप पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मछली मार्केट रोड स्थित गंगवार जनसेवा केंद्र पर छापा मारकर पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में कूटरचित आधार कार्ड, पैन कार्ड, हाईस्कूल की फर्जी अंकतालिकाएं तथा कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान चेतन कुमार पुत्र राजपाल, निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में शिमला बहादुर की गड्डा कॉलोनी में रह रहा था। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि सिडकुल क्षेत्र में नौकरी पाने के इच्छुक बाहरी राज्यों के लोगों को अवैध रूप से उत्तराखंड के पते पर फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक विपिन जोशी के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी के पास से दो ऐसे आधार कार्ड बरामद हुए, जिनमें अंकित बारकोड को स्कैन करने पर वास्तविक नाम चेतन कुमार ही सामने आया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ‘पिक्सेल लैब’ एप की मदद से आधार और पैन कार्ड में ग्राहक का फोटो, नाम और पता बदल देता था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

