Dahadaha School Incident : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक स्कूल में 35 बच्चों द्वारा अपनी कलाई काटने का मामला सामने आया है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार 20 दिन पहले दहदहा स्थित मिडिल स्कूल के अलग-अलग कक्षा के विद्यार्थियों ने अपनी कलाई काट ली थी। बच्चों के अभिभावकों ने इस मामले को पंचायत में उठाया, जिसके बाद प्रशासन की टीम ने स्कूल में पहुंचकर बच्चों से बात भी की थी।
पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन का मानना है कि विद्यार्थियों ने एक-दूसरे की नकल करते हुए अपनी कलाई काटी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। कुरुद ब्लॉक के ग्राम दहदहा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में 35 विद्यार्थियों द्वारा कलाई काटने की घटना पर एबीवीपी ने गहरी नाराजगी जताई है।
बुधवार को परिषद के पदाधिकारियों ने डीईओ कार्यालय पहुंचकर सहायक संचालक आर.एन. मिश्रा को ज्ञापन सौंपा और इस प्रकरण की जांच के लिए विशेष समिति गठित करने की मांग की। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करेगा।
जिला संयोजक हितेश घृतलहरे ने बताया कि कुरुद ब्लॉक के एक सरकारी माध्यमिक स्कूल में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के लगभग 35 छात्र-छात्राओं के कलाई काटने का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल आत्म-क्षति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। एबीवीपी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान छात्रावास प्रभारी प्रमोद भारती और एबीवीपी कार्यकर्ता दुर्गेश नेताम भी मौजूद रहे।

