प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई की मांग, Rahul Gandhi बोले—“बच्चे जहरीली हवा में जी रहे हैं”

Rahul Gandhi
Rahul Gandhi

Delhi Pollution: दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण बच्चों के स्वास्थ्य पर भारी असर डाल रहा है, लेकिन सरकार इस खतरे को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठा रही। राहुल गांधी ने संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की मांग की है, ताकि प्रदूषण को राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता दी जा सके।

माँओं की चिंता को राहुल ने दिया आवाज, वीडियो वायरल

राहुल गांधी ने अपने सरकारी आवास पर “वॉरियर्स मॉम: मदर्स फॉर क्लीन एयर” समूह की महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया।
राहुल गांधी ने लिखा—
“हर माँ कहती है कि उसका बच्चा जहरीली हवा में सांस ले रहा है। लोगों में डर, थकान और गुस्सा है। मोदी जी, भारत के बच्चे हमारे सामने घुट रहे हैं। उन्हें स्वच्छ हवा का हक है।”

उन्होंने कहा कि मांओं की सबसे बड़ी चिंता उनके बच्चों का स्वास्थ्य है, और जहरीली हवा छोटे बच्चों में फेफड़ों, दिल और मानसिक बीमारियों का कारण बनी हुई है। उन्होंने इन कठिन परिस्थितियों को “हर परिवार की पीड़ा” बताया।

राहुल गांधी बोले—स्थिति राष्ट्रीय आपदा जैसी

राहुल गांधी ने वायु प्रदूषण की स्थिति को “राष्ट्रीय आपदा” करार देते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस गंभीर चुनौती का सामना करने में नाकाम रही है।
उन्होंने कहा—
“इतनी भयावह स्थिति में भी सरकार निष्क्रिय बैठी है और समय तेजी से हाथ से निकल रहा है। बच्चों का भविष्य खतरे में है।”

कांग्रेस नेता ने जोर देते हुए कहा कि देश को तुरंत एक निर्णायक राष्ट्रीय नीति और सख्त एक्शन प्लान की जरूरत है, ताकि बच्चे स्वच्छ हवा में साँस ले सकें और स्वस्थ भविष्य पा सकें।

संसद में विस्तृत चर्चा की दोहराई मांग

1 दिसंबर से शुरू होने वाले संसद के शीतकालीन सत्र के लिए राहुल गांधी ने फिर से वायु प्रदूषण पर व्यापक बहस की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दिल्ली का नहीं, बल्कि पूरे देश का स्वास्थ्य संकट है—
“प्रदूषण गरीब या अमीर नहीं देखता। हर नागरिक प्रभावित है। हमें तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।”