Toronto Shooting Case : गुरुवार, 25 दिसंबर को टोरंटो में हुई गोलीबारी में 20 वर्षीय शिवांक अवस्थी की गोली लगने से मौत हो गई। टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने शिवांक अवस्थी की मौत पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ‘टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो परिसर के पास हुई गोलीबारी की घटना में युवा भारतीय डॉक्टरेट छात्र शिवांक अवस्थी की दुखद मृत्यु पर हम गहरा शोक व्यक्त करते हैं। दूतावास इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के साथ संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय करके सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।’
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने बताया है कि फायरिंग की सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्हें गोली लगने से घायल एक व्यक्ति मिला, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने आगे बताया कि उनके पहुंचने से पहले ही आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस जांच के दौरान परिसर को सील कर दिया गया।

