नोएडा इंडोर स्टेडियम में उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग का पहला दिन
नोएडा। उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग सीजन 2 की शुरुआत आज से नोएडा में हो गई। पहला मैच जेडी नोएडा निंजा और कानपुर वारियर्स के बीच खेला गया, जिसमें नोएडा निंजा ने जीत हासिल की। नोएडा निंजा ने कानपुर वारियर्स को 3 अंकों (39-36) से शिकस्त दी।
नोएडा इनडोर स्टेडियम में गुरुवार शाम खेले गए कबड्डी के पहले मुकाबले में कानपुर वारियर्स ने रेड प्वाइंट, टेकल प्वाइंट और बोनस प्वाइंट मिलाकर कुल 36 अंक हासिल किए। जबकि जेडी नोएडा निन्जा ने रेड प्वाइंट, टेकल प्वाइंट और बोनस प्वाइंट के साथ कुल 39 अंक हासिल कर जीत अपने नाम कर ली। अपनी पसंदीदा टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए दोनों पक्ष के समर्थक बड़ी संख्या में दर्शक दीर्घा पर मौजूद रहे।
नोएडा निंजा के ओनर दीपक नागर ने अपनी टीम के खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी। दूसरा मैच मिर्जापुर किंग्स और लखनऊ लॉयन्स के बीच खेला गया। यूपीकेएल के संस्थापक और सीईओ संभव जैन ने बताया कि लीग मुकाबले 24 दिसंबर से शुरू होने थे, लेकिन प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश और खेल निदेशालय के निर्देशों के कारण मैच की तारीख एक दिन आगे बढ़ाने पड़ी। यूपीकेएल सीजन 2 में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें राउंड रोबिन के आधार पर 11-11 मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता में कुल 69 मुकाबले होंगे, जिसमें एक प्रदर्शनी मैच भी शामिल है। यूपी कबड्डी लीग में विनय तेवतिया, अर्जुन देशवाल, मोहम्मद अमान, अभिमन्यु, आरपी सिंह सहित कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

