Bangladesh National Mourning : पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर तीन दिन के राष्ट्रीय शोक और उनकी नमाज-ए-जनाजा वाले दिन एक दिन की सरकारी छुट्टी का ऐलान करते हुए अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस ने कहा कि तानाशाही और फासीवादी सोच के खिलाफ खालिदा जिया का नेतृत्व अडिग रहा। जब-जब देश में लोकतांत्रिक संकट आया, उन्होंने अपने नेतृत्व से लोगों को दिशा दिखाई और आजादी की भावना को मजबूत किया। दूसरी तरफ खालिदा जिया के सम्मान में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और बांग्लादेश फुटबॉल फेडरेशन (BFF) ने अपने-अपने सभी मैच रद्द या टालने की घोषणा की है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपडेट देते हुए कहा कि बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) टी20 2025-26 के तहत होने वाले मंगलवार के सभी मुकाबले स्थगित कर दिए गए हैं। इनमें सिलहट टाइटंस बनाम चटग्राम रॉयल्स और ढाका कैपिटल्स बनाम रंगपुर राइडर्स के मैच शामिल हैं। बोर्ड ने कहा कि ये मुकाबले बाद में नई तारीखों पर कराए जाएंगे।
बांग्लादेश फुटबॉल फेडरेशन ने भी दिनभर के सभी फुटबॉल मुकाबले टाल दिए हैं। इसमें दो फेडरेशन कप मैच, महिला फुटबॉल लीग के तीन मैच, ढाका सीनियर डिविजन लीग के मुकाबले और अंडर-15 फुटबॉल लीग का फाइनल शामिल है। फेडरेशन ने कहा कि नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।

