120 Bahadur’ फिल्म ने रेज़ांग ला वीरों की याद में शुरू की AWWA सहायता पहल

120 Bahadur
120 Bahadur

120 Bahadur Tribute: 1962 के ऐतिहासिक रेज़ांग ला युद्ध की 63वीं वर्षगांठ पर, एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़ ने अपनी आगामी फिल्म ‘120 बहादुर’ के लिए एक खास माइक्रोसाइट लॉन्च की है। फरहान अख्तर स्टारर यह फिल्म उन सैनिकों के अदम्य साहस को समर्पित है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

नव लॉन्च की गई यह माइक्रोसाइट एक डिजिटल ट्रिब्यूट की तरह तैयार की गई है, जहां फिल्म से जुड़ी सभी जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध है—फिल्म की कहानी, कलाकार, तकनीकी टीम और 21 नवंबर को होने वाली इसकी वैश्विक रिलीज़ से जुड़ी अहम जानकारियाँ। यह पहल केवल एक सूचना प्लेटफॉर्म नहीं है, बल्कि इसे सैनिकों के परिवारों के लिए सहयोग का माध्यम बनाने का भी उद्देश्य है।

इस वेबसाइट की सबसे विशेष बात है—AWWA (Army Wives Welfare Association) के लिए समर्पित दान पोर्टल। इसमें सीधे AWWA के आधिकारिक बैंक खाते से जुड़े QR कोड और लिंक उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से लोग आसानी से योगदान कर सकते हैं। साइट के जरिए मिलने वाली पूरी राशि सीधे AWWA कॉर्पस फंड में जमा होगी और इसका उपयोग वीर नारियों, शहीद परिवारों, विशेष जरूरतों वाले बच्चों और सेवारत सैनिकों के परिवारों की सहायता में किया जाएगा।

इसी बीच फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट भी सामने आया है—‘120 बहादुर’ भारत के रक्षा थिएटर्स में रिलीज़ होने वाली पहली फिल्म बनने जा रही है। यह विशेष प्रदर्शन पिक्चरटाइम के मोबाइल सिनेमा नेटवर्क के माध्यम से होगा, जिसे GenSync Brat Media के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। फिल्म की 21 नवंबर को होने वाली वैश्विक रिलीज़ के साथ ही, देशभर में रक्षा समुदाय के लिए 800 से अधिक सिनेमाघरों में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी।

“120 बहादुर” न सिर्फ बहादुरी की कहानी को बड़े पर्दे तक लेकर आ रही है, बल्कि यह उन परिवारों के समर्थन का भी माध्यम बनेगी जिनके अपनों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।