China vs Japan:जापान पर चीन की नई पाबंदियां, सैन्य उपयोग वाली वस्तुओं के निर्यात पर रोक

China vs Japan
China vs Japan

China vs Japan: एशिया-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच चीन ने जापान पर आर्थिक और सामरिक दबाव बढ़ाने का नया कदम उठाया है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने घोषणा की है कि जापान के किसी भी सैन्य उपयोगकर्ता के लिए चीनी ड्यूल-यूज़ (यानी नागरिक और सैन्य, दोनों उपयोग वाली) वस्तुओं का निर्यात प्रतिबंधित रहेगा। मंत्रालय ने कहा कि जिस भी अंतिम उपयोगकर्ता से जापान की सैन्य क्षमता बढ़ने की संभावना दिखती है, वहां तक इन वस्तुओं की आपूर्ति रोकी जाएगी।

इसके साथ ही चीन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति, कंपनी या संगठन — चाहे वह किसी भी देश का क्यों न हो — चीनी उत्पादों को किसी तरह जापानी संस्थानों या व्यक्तियों तक पहुंचाता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि बीजिंग ने यह स्पष्ट सूची जारी नहीं की कि किन-किन सामानों पर प्रतिबंध लागू होगा, लेकिन विशेषज्ञों का अनुमान है कि इसमें ड्रोन, नेविगेशन सिस्टम, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और ऐसी तकनीक शामिल हो सकती है, जिनका सैन्य इस्तेमाल संभव है। अभी तक जापान की ओर से इस फैसले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

ताइवान और क्षेत्रीय तनाव की पृष्ठभूमि

पिछले कुछ समय से चीन-जापान संबंध लगातार तनातनी के दौर से गुजर रहे हैं। पिछले साल जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा था कि यदि चीन ताइवान के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाता है, तो जापानी सेना हस्तक्षेप कर सकती है। इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया।

दिसंबर में जापान ने आरोप लगाया था कि चीनी सैन्य विमानों ने उसके फाइटर जेट्स पर रडार लॉक किया, जबकि दोनों देशों के विमान सुरक्षित दूरी पर थे। जापान पहले ही चीन से बढ़ते खतरे का हवाला देते हुए रक्षा बजट दोगुना करने और सैन्य क्षमता मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इसी दौरान चीन ने हाल ही में ताइवान के आसपास दो दिनों तक बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास किए। बीजिंग का दावा था कि यह अभ्यास “अलगाववादी ताकतों और बाहरी हस्तक्षेप” के लिए चेतावनी है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने जापान और ताइवान में “स्वतंत्रता समर्थक समूहों” को लेकर कड़ा रुख दिखाया था।

कूटनीतिक संदेश और क्षेत्रीय समीकरण

बीजिंग में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग से मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने जापान के साथ ऐतिहासिक संघर्ष का उल्लेख किया और कहा कि चीन और दक्षिण कोरिया को द्वितीय विश्व युद्ध की जीत के मूल्यों की रक्षा करते हुए उत्तर-पूर्व एशिया में शांति और स्थिरता के लिए सहयोग बढ़ाना चाहिए।

विश्लेषकों का मानना है कि ड्यूल-यूज़ सामानों पर यह प्रतिबंध, केवल व्यापारिक कदम नहीं बल्कि एक रणनीतिक संकेत भी है। इससे पूर्वी एशिया में सामरिक प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है, क्योंकि जापान अपनी सुरक्षा नीति को आक्रामक रूप से मजबूत कर रहा है और चीन अपने प्रभाव क्षेत्र को चुनौती मान रहा है।