iPhone 17 की दीवानगी: मुंबई Apple स्टोर के बाहर धक्का-मुक्की और मारपीट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

iPhone 17 Madness: Chaos Outside Mumbai Apple Store as Buyers Clash, Video Goes Viral
iPhone 17 Madness: Chaos Outside Mumbai Apple Store as Buyers Clash, Video Goes Viral

नेशनल डेस्क: एप्पल ने गुरुवार यानी 19 सितंबर से भारत में अपनी बहुप्रतीक्षित iPhone 17 सीरीज़ की बिक्री शुरू कर दी। नए आईफोन को लेकर ग्राहकों में गजब का क्रेज देखने को मिला। देशभर के Apple स्टोर्स के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगीं। लेकिन इस बीच मुंबई का बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित Apple स्टोर उस वक्त चर्चा में आ गया जब नए फोन को खरीदने की होड़ में ग्राहकों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।

सुबह-सुबह ही टूट पड़ा हुजूम

खबरों के मुताबिक, सुबह 5 बजे से ही लोग स्टोर के बाहर लाइन लगाकर खड़े थे। जैसे ही गेट खुला, सैकड़ों लोग एक साथ अंदर जाने की कोशिश करने लगे। भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि हालात बिगड़ गए और लोग आपस में भिड़ने लगे। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि लाल शर्ट पहना एक शख्स दूसरे को मारने की कोशिश करता है, जिसे गार्ड्स खींचकर बाहर ले जाते हैं। वहीं, कुछ लोग बीच-बचाव करते दिखाई देते हैं, लेकिन भारी भीड़ के सामने सुरक्षाकर्मी भी बेबस नज़र आए।

ग्राहकों की नाराज़गी – “लाइन का कोई मतलब ही नहीं रहा”

स्टोर के बाहर खड़े कई ग्राहकों ने मीडिया से बातचीत में नाराज़गी जताई। अहमदाबाद से आए खरीदार मोहन यादव ने बताया, “मैं सुबह से लाइन में खड़ा था। लेकिन कुछ लोग अचानक बीच में घुस आए। गार्ड्स ने रोका ही नहीं। जिन लोगों ने घंटों इंतजार किया, वे पीछे छूट गए।” इसी तरह दिल्ली से आए एक ग्राहक ने कहा कि एप्पल जैसे ब्रांड से ऐसी अव्यवस्था की उम्मीद नहीं थी।

दिल्ली-बेंगलुरु में भी लगी लंबी कतारें

मुंबई के अलावा दिल्ली और बेंगलुरु में भी आईफोन 17 की लॉन्चिंग को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। दिल्ली के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में ग्राहक रातभर डेरा जमाए बैठे रहे। कई लोग तो स्टूल और चादर लेकर आए थे ताकि रात वहीं गुज़ार सकें। बेंगलुरु के स्टोर पर माहौल थोड़ा नियंत्रित रहा, हालांकि वहां भी लंबी लाइनें लगीं और भारी भीड़ जुटी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

मुंबई में हुई हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ट्विटर (X), इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लोग इस वीडियो को शेयर करते हुए अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने इसे ‘iPhone की दीवानगी’ बताया तो कुछ ने कहा कि यह “ब्रांड को लेकर अंधभक्ति” का नतीजा है। वहीं, कई लोगों ने सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल उठाते हुए इसे Apple स्टोर की बड़ी चूक बताया।

एक्सपर्ट्स का कहना

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, भारत में Apple का मार्केट लगातार बढ़ रहा है और कंपनी अपने प्रीमियम स्मार्टफोन्स को लेकर युवाओं के बीच खासा आकर्षण बना चुकी है। iPhone 17 के नए फीचर्स और एडवांस कैमरा सिस्टम ने ग्राहकों को और उत्साहित किया है। यही वजह है कि पहली सेल के दिन देशभर में इतना भारी उत्साह और हंगामा देखने को मिला।