Noida। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सरफाबाद गांव में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक पक्ष के तीन युवकों ने बीच सड़क पर खड़े होकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दुपहरिया गली में अचानक चली गोलियों की आवाज से स्थानीय लोग दहशत में आ गए। घटना का 1 मिनट 7 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान और चिंतित कर दिया है। वीडियो देखकर कई लोग इसे किसी वेब सीरीज का सीन समझ बैठे, लेकिन यह पूरी तरह वास्तविक घटना है जिसने शहर की कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि तीन युवक और एक महिला मौके पर मौजूद हैं। दो युवक हथियार लहराते हुए कई राउंड हवा में फायर करते नजर आते हैं, जबकि तीसरा युवक पत्थरबाज़ी करता दिखाई देता है। गोली चलाने वाले युवकों के चेहरे ढके नहीं हैं, जिससे उनकी पहचान करना आसान माना जा रहा है। घटना के दौरान आसपास के कुछ लोग आरोपियों को रोकने की कोशिश करते भी दिखते हैं, लेकिन माहौल इतना तनावपूर्ण था कि किसी की हिम्मत आगे बढ़ने की नहीं हुई। वहीं दूसरी ओर कई लोग मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड करते नजर आए।
मामला कथित तौर पर ‘घेर’ से जुड़े भूमि विवाद का बताया जा रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच पहले भी तनातनी की चर्चा है। लेकिन इस बार विवाद सीधे हिंसा में बदल गया। भीड़भाड़ वाले आवासीय इलाके में खुलेआम हथियारों का इस्तेमाल न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर अपराधी इस तरह दिनदहाड़े सड़क पर गोलियां चला सकते हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। कई लोग फायरिंग के दौरान अपने घरों में बंद हो गए, जबकि आसपास के दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने पूरे नोएडा में तीखी प्रतिक्रिया पैदा की है। लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद होना चिंता की बात है, और पुलिस को इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं। अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जल्द ही गिरफ्तारियां होंगी और इलाके में अतिरिक्त गश्त भी बढ़ाई गई है।
इस घटना ने फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नोएडा जैसे विकसित शहर में अपराधियों के लिए हथियार हासिल करना और खुले में उनका प्रयोग करना कितना आसान हो चला है। अब पुलिस की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं कि क्या वह अपराधियों को जल्द पकड़कर शहर के लोगों में सुरक्षा का विश्वास बहाल कर पाती है या नहीं।

