Sensational Murder In Vadodara : रविवार को वडोदरा पुलिस ने 25 वर्षीय महिला को पांच दिन पहले अपने पति की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुलबानू बंजारा नामक महिला का कहना था कि उसके 32 वर्षीय पति इरशाद बंजारा की मौत हार्ट अटैक से हुई थी, हालाँकि जांच के दौरान चौकाने वाला मामला सामने आया और पता चला कि महिला ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की है।
पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर हत्या की
पुलिस ने रविवार शाम को गुलबानू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका प्रेमी तौसीफ और मामा नाम का एक और साथी फरार होने में कामयाब रहे है। पुलिस ने बताया कि 18 नवंबर की रात को गुलबानू ने इरशाद को बेहोश करने के लिए उसके खाने में कोई नशीला पदार्थ मिलाया था। जिसके बाद हत्या की रात तौसीफ और मामा कथित तौर पर घर में घुसे और उसके बाद तीनों ने मिलकर गुलबानू के दुपट्टे से इरशाद का गला घोंट साजिश को अंजाम दिया।
पुलिस ने आगे बताया कि 18 नवंबर की सुबह तकरीबन 3 बजे गुलबानू ने इरशाद के परिवार को फोन कर के इरशाद को बेचैनी होने की बात कही। जब इरशाद के परिवार ने जोर दिया कि उसे हॉस्पिटल ले जाया जाए, तो उसने कहा कि इरशाद अब पहले से बेहतर महसूस कर रहा है, और इतना कह कर उसने कॉल काट दी। अगली सुबह इरशाद को मरा हुआ घोषित कर दिया।
गुलबानू ने उसके परिवार को कहा कि वह देर रात तक अपना मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहा था, वह सो रही थी, हो सकता है उसे हार्ट अटैक आया होगा। इस बात को सुनकर परिवार को शक तो था, फिर भी उन्होंने इस बात को मान लिया और शव को उसी दिन दफना दिया गया। DCP मंजीता वंजारा ने बताया कि इरशाद के परिवार ने देखा कि दफनाने वाले दिन गुलबानू बार-बार किसी को फोन कर रही थी, जब उसका फोन चेक किया गया, तो कॉल डिटेल्स में एक नंबर से लंबी बातचीत मिली । जब इस बारे में उससे पूछा गया तो गुलबानू गोलमोल जवाब देने लगी। शक के चलते हुए उन्होंने 21 नवंबर को जेपी रोड पुलिस से संपर्क कर डिटेल में जांच की रिक्वेस्ट की।
DCP मंजीता वंजारा ने बताया, ‘हमने जरूरी परमिशन ली और रविवार सुबह एक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में इरशाद की बॉडी को कब्र से निकाला।’पोस्टमॉर्टम से पता चला कि उसका गला घोंटा गया था। नतीजों के आधार पर, गुलबानू, उसके प्रेमी तौसीफ और तीसरे आरोपी मामा के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज किया गया।’
पुलिस ने बताया कि छह साल की शादी में दोनों के तीन बच्चे हैं। जब गुलबानू से पूछताछ की गयी तो उसने कथित तौर पर कबूला कि एक साल पहले उत्तर प्रदेश के एक टेलर तौसीफ के साथ रिलेशनशिप में आई थी, पहले दोनों ने भागने का प्लान बनाया था, मगर बाद में इरशाद को मारने का फैसला किया।

