Haridwar Accident : बुधवार को देर रात हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जिसमे मशीन चलाने के लिए रखे जेनरेटर से तेज रफ्तार कार टकराकर पलट गई। इस हादसे में एक वॉलीबाल खिलाड़ी और वहां काम कर रहे दो मजदूरोंं की मौत हो गई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस की माने तो यह हादसा रात करीबन 11:30 से 12 बजे के बीच प्रेमनगर आश्रम चौक के ऊपर फ्लाईओवर पर हुआ, जहाँ मरम्मत का कार्य चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि देहरादून की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने मशीन चलाने के लिए रखे जेनरेटर पर ज़ोरदार टकरा मारी, जिसके बाद कार पलटते हुए काफी दूर तक घिसटती चली गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार सवार दो युवक समेत दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने कार चालक व वॉलीबाल खिलाड़ी 20 वर्षीय अर्पित सैनी, निवासी ग्राम इब्राहिमपुर थाना पथरी और 25 वर्षीय मजदूर राजू राय, निवासी पश्चिम बंगाल को मृत घोषित कर दिया।
जबकि एक अन्य मजदूर अनाद सिंह निवासी पश्चिम बंगाल और कार में सवार रहमान निवासी ग्राम अलीपुर बहादराबाद को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। जहाँ बृहस्पतिवार की सुबह अनाद सिंह ने भी उपचार के दाैरान दम तोड़ दिया, जबकि रहमान का जौलीग्रांट में उपचार चल रहा है।

