Emergency Landing of The Aircraft : शनिवार दोपहर भुवनेश्वर से राउरकेला आ रही इंडिया वन एयर की सेसना ग्रैंड कारवां (EX) विमान में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने तत्काल एटीसी को सूचना दी और सूझबूझ का परिचय देते हुए जलदा कंसर क्षेत्र के गड़िया टोला स्थित एक खेत में दोपहर करीब 1.40 बजे आपात लैंडिंग कराई। आपात लैंडिंग के दौरान विमान का दाहिना पंख पास के एक पेड़ की डाल से टकरा गया, जिससे वह टूट गया। इसके बाद विमान जमीन से टकराते हुए लगभग 100 मीटर तक घिसटता चला गया।
हादसे के तुरंत बाद गड़िया टोला के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस विमान में पायलट कैप्टन नवीन कडंगा (पीआईसी), सह-पायलट कैप्टन तरुण श्रीवास्तव (एफओ) सहित यात्री सुशांत कुमार विश्वाल, अनिता साहू, सुनील अग्रवाल और सबिता अग्रवाल सवार थे। सभी घायलों को राउरकेला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही एटीसी ने जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया, जिसके बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अस्पतालों को भी एक्टिव मोड में रखा गया। मौके पर पहुंचकर एसपी नितेश वाधवानी ने स्थिति का जायजा लिया, जबकि डीआईजी ब्रजेश राय भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह विमान इंडिया वन एयर सेवा के तहत भुवनेश्वर से राउरकेला की नियमित उड़ान पर था। दोपहर 1.18 बजे विमान का संपर्क कोलकाता एटीसी रडार से अस्थायी रूप से टूट गया था, जिसके बाद सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है।

