Dunes T20 League Saudi: ड्यून्स टी20 लीग के ब्रांड एंबेसडर बने युवराज सिंह, अक्टूबर में शुरू होगी लीग

Dunes T20 League Saudi: युवराज सिंह (Yuvraj Singh) सऊदी अरब में शुरू होने वाली पहली टी20 लीग का हिस्सा होंगे। देश के क्रिकेट संघ ने साउथ एशिया नेटवर्क लिमिटेड (SAN) को हरी झंडी दे दी है, जिसने युवराज सिंह के मार्गदर्शन वाली यूनिक स्पोर्ट्स ग्रुप और प्रोलिथिक टैलेंट एजेंसी के साथ साझेदारी की है। छह टीमों वाली यह लीग, जिसे ड्यून्स टी20 लीग कहा जाएगा, इस साल अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में खेली जाएगी।

आयोजकों ने एक बयान में कहा कि, “यह लीग सऊदी अरब साम्राज्य में क्रिकेट के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। ड्यून्स टी20 लीग का उद्देश्य पूरे क्षेत्र में इस खेल के विकास को गति देना, उभरते और स्थापित स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करना और वैश्विक दर्शकों को विश्व स्तरीय खेल और मनोरंजन उत्पाद प्रदान करना है, जिसमें खेल के दिग्गजों के शामिल होने की उम्मीद है।”

ये भी पढ़ें- Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी ने की महिला टी20 विश्व कप 2026 के वार्म-अप मैचों की घोषणा, भारत का होगा इन टीमों के खिलाफ मुकाबला

Dunes T20 League Saudi: युवराज, जो लीग के ब्रांड एंबेसडर होंगे, उन्होंने इस पहल से जुड़ने और क्षेत्र में क्रिकेट के भविष्य को आकार देने के अवसर को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि, “सऊदी अरब में क्रिकेट के लिए इतने रोमांचक समय में ड्यून्स टी20 लीग के एंबेसडर के रूप में शामिल होने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं। इस लीग में एक नए बाजार में क्रिकेट को बढ़ावा देने, स्थानीय उभरते खिलाड़ियों के लिए अवसर पैदा करने और प्रशंसकों को एक वास्तविक क्रिकेट अनुभव प्रदान करने की दूरदृष्टि और महत्वाकांक्षा है।”

“इससे भी अधिक रोमांचक बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी उभरती प्रतिभाओं के साथ मिलकर अगली पीढ़ी को प्रेरित करेंगे। मैं इस क्षेत्र में क्रिकेट पर अमिट प्रभाव छोड़ने वाली एक विशेष पहल के निर्माण में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।”