Bangladesh Cricket News: पेशेवर क्रिकेट में बल्ले के लिए स्पॉन्सर मिलना खिलाड़ियों के लिए आय का एक बड़ा स्रोत होता है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को इन सौदों से अच्छी खासी रकम मिलती है और ये क्रिकेट जगत का अहम हिस्सा है। लेकिन अब बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए हालात कुछ खास अच्छे नहीं हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और बीसीसीआई (Bangladesh Cricket Board and BCCI ) के बीच बढ़ता तनाव अब सिर्फ सुरक्षा चिंताओं या टी20 विश्व कप (T20 World Cup) के आयोजन स्थल की मांगों तक ही सीमित नहीं है। इसका असर अब खिलाड़ियों की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ने लगा है।
ये भी पढ़ें- T20 World Cup News: आईसीसी ने खारिज की बांग्लादेश की अपील, कहा या तो मानों बात नहीं तो अंक गंवाओ
Bangladesh Cricket News: लिटन दास सहित कई खिलाड़ियों की बढ़ सकती है मुश्किल
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट के अनुसार, भारतीय खेल उपकरण कंपनी एसजी ने कई बांग्लादेशी क्रिकेटरों के साथ स्पॉन्सरशिप समझौते समाप्त करने का फैसला किया है। हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन निर्णय ले लिया गया है, जिससे बांग्लादेश के खिलाड़ियों के लिए मौजूदा राजनयिक विवाद एक व्यावसायिक समस्या में बदल गया है।
लिटन कुमार दास, यासिर रब्बी और पूर्व टेस्ट कप्तान मोमिनुल हक सबसे चर्चित नाम हैं जो इससे प्रभावित होने वाले हैं। एक खिलाड़ी ने निजी तौर पर पुष्टि की कि एसजी की ओर से अभी तक कोई औपचारिक सूचना नहीं आई है, लेकिन एजेंटों के संकेतों से स्पष्ट है कि स्पॉन्सरशिप का नवीनीकरण नहीं होगा। एक खिलाड़ी ने पब्लिकेशन को बताया, “ऐसा लगता है कि आने वाले दिनों में ऐसा ही होने की संभावना है।”
पहले बीसीबी ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल में खेलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया, जिसके कारण उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से रिलीज कर दिया गया। फिर बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप के लिए भारत यात्रा को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताईं और उनकी सरकार ने घरेलू स्तर पर आईपीएल का प्रसारण रोक दिया। बांग्लादेश-भारत क्रिकेट संबंध इससे पहले कभी इतने खराब नहीं रहे।
Bangladesh Cricket News: बांग्लादेशी खिलाड़ियों में डर
उद्योग जगत के जानकारों को आशंका है कि यह तो बस शुरुआत है। बांग्लादेश के क्रिकेट उपकरण और स्पॉन्सरशिप मार्किट में भारत का दबदबा होने के कारण बांग्लादेश के हटने से अन्य भारतीय निर्माताओं के भी पीछे हटने की आशंका बढ़ सकती है। सबसे बड़े स्पॉन्सर में से एक सरीन स्पोर्ट्स इंडस्ट्रीज (एसएस) भी है, जिसके मुशफिकुर रहीम, सब्बीर रहमान, नासिर हुसैन और कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट हैं।
खिलाड़ियों के प्रतिनिधित्व से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि, “मुझे लगता है कि अन्य निर्माता भी हमारे क्रिकेटरों को स्पॉन्सर न करने का विकल्प चुन सकते हैं।” अगर ऐसा होता है, तो उन खिलाड़ियों की पीढ़ी के लिए इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं जो अपने करियर को चलाने के लिए एंडोर्समेंट से होने वाली आय पर निर्भर हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस बीच, बीसीबी ने इस मुद्दे से सावधानीपूर्वक दूरी बनाए रखी है और इसे खिलाड़ियों और प्रायोजकों के बीच का निजी मामला बताया है।

