Dhanu Sankranti 2025 : धनु संक्रांति का महत्व, कब मनाई जाएगी और इस दिन क्या करें, चलिए सब जानते है

Dhanu Sankranti 2025 : Learn about the significance of Dhanu Sankranti, when it will be celebrated, and what to do on this day

Dhanu Sankranti 2025 : हिन्दू धर्म में अत्यंत पावन तिथि मानी जाने वाली धनु संक्रांति इस वर्ष 16 दिसंबर 2025 को पड़ रही है। ज्ञात हो कि हर वर्ष सूर्यदेव के वृश्चिक राशि से धनु राशि में प्रवेश करने को धनु संक्रांति कहा जाता है, जिस कारण इस दिन का महत्व धर्म, अध्यात्म और दान-पुण्य के दृष्टिकोण से और बढ़ जाता है।

माना जाता है कि इस दिन किया गया स्नान, जप, ध्यान और दान साधक के जीवन में पुण्य की वृद्धि करने वाला होता है, जिसके चलते इस दिन श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान कर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं, साथ ही साथ मनोकामना पूर्ति की कामना करते हैं। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार धनु संक्रांति पर ब्रह्म मुहूर्त में किया गया स्नान पुराने पापों को शांत करने के अलावा मन की नकारात्मकता को भी दूर करता है। स्नान के समय ईश्वर का ध्यान करने से मनुष्य सात्विकता का अनुभव करता है।

इस संक्रांति पर दान करना भी फलदायी माना गया है। इस दिन अन्नदान, वस्त्रदान, तिलदान, गुड़ और कच्चे अन्न का दान जीवन में स्थिरता, शांति और समृद्धि लाने वाला माना गया है। मान्यताओं के अनुसार इस दिन किया गया दान परिवार तथा आने वाली पीढ़ियों तक कल्याणकारी प्रभाव प्रदान करता है। इस दिन तिल का दान विशेष रूप से पवित्र माना गया है, क्योंकि तिल को शुद्धि और दिव्य ऊर्जा का प्रतीक माना गया है।