Sheikhpura Road Accident: बिहार के Sheikhpura ज़िले में मंगलवार दोपहर एक भयावह सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को दुख में डूबा दिया। शेखपुरा–जमुई राष्ट्रीय राजमार्ग 333-ए पर मनियांडा मोड़ के पास ऑटो-रिक्शा और तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना दोपहर लगभग एक बजे हुई।
यातायात थाना शेखपुरा के थानाध्यक्ष सदाशिव ने बताया कि ट्रक तेज गति से आ रहा था और अचानक सामने से आ रहे ऑटो-रिक्शा को जबरदस्त टक्कर मार बैठा। हादसे में टेम्पो पर सवार सभी 14 लोग घायल हुए। घायलों को तुरंत शेखपुरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान बेंगुचा गांव निवासी राहुल कुमार, आशा देवी, सुरती देवी, निशा कुमारी, राजकुमार साव और महेश कुमार के रूप में हुई है। इनमें निशा कुमारी की उम्र लगभग 10 वर्ष बताई गई है, जबकि अन्य मृतक 25 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के थे।
गंभीर हालत में चार घायलों—टेम्पो चालक सुमन कुमार, तथा यात्री दीपक कुमार, सुषमा देवी और प्रियंका कुमारी—को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी स्थित वर्द्धमान मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार सदर अस्पताल में जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के समय ऑटो में सवार सभी यात्री चेवाड़ा प्रखंड के अलग-अलग गांवों से बाजार करने शेखपुरा आए थे। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है और मामले की जांच जारी है।

