Bihar Politics: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को अब अपना लंबे समय से इस्तेमाल किया जा रहा 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करना होगा। भवन निर्माण विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर उन्हें नया आवास आवंटित कर दिया है। अब राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद के सदस्यों के लिए निर्धारित 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगला दिया गया है।
राबड़ी देवी पिछले लगभग 20 वर्षों से 10 सर्कुलर रोड के सरकारी आवास में रह रही थीं। यह स्थान लंबे समय तक लालू परिवार और आरजेडी राजनीति का मुख्य केंद्र माना जाता रहा है। यहां से पार्टी की कई महत्वपूर्ण रणनीतियाँ तय होती रही हैं। पहले यह आवास उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते मिला था, बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नेता प्रतिपक्ष के रूप में आवंटित हुआ था।
सरकार के इस निर्णय पर आरजेडी ने नाराजगी जताई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने आरोप लगाया कि सरकार बदले की भावना से यह कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, “20 साल बाद अचानक ऐसा क्या हुआ कि राबड़ी देवी को आवास खाली करने का आदेश दिया गया? यह कदम किसके दबाव में लिया गया, यह सभी जानते हैं।” उन्होंने सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की।
इस बीच भवन निर्माण विभाग ने पुष्टि की है कि 39 हार्डिंग रोड स्थित नया आवास राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के आधार पर औपचारिक तौर पर आवंटित किया गया है। आदेश संयुक्त सचिव-सह-भू-सम्पदा पदाधिकारी शिव रंजन द्वारा जारी किया गया।
काफी समय तक आरजेडी की राजनीति का मुख्य केंद्र रहे 10 सर्कुलर रोड को खाली करने के आदेश के बाद अब लालू परिवार का नया राजनीतिक पता 39 हार्डिंग रोड होगा।

