लाल किला बम धमाका : अमित शाह की देश के दुश्मनों को कड़ी चेतावनी

Red Fort bomb blast: Amit Shah's stern warning to the enemies of the country
Red Fort bomb blast: Amit Shah's stern warning to the enemies of the country

नयी दिल्ली 13 Nov 2025 :  लाल किला बम धमाके मामले में गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश के दुश्मनों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि इस कार विस्फोट के जिम्मेदार सभी लोगों को कठोर सजा दिलाने का प्रधानमंत्री का संकल्प जरूर पूरा किया जाएगा। उनकी बातों से उनके इरादे साफ़ झलक रहे थे, उन्होंने कहा कि ”दिल्ली कार विस्फोट के दोषियों को मिलने वाली सजा दुनिया को ये संदेश देगी कि भविष्य में कोई हमारे देश में फिर से ऐसा हमला करने के बारे में सोच भी न सके।”

बता दे कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात में मोतीभाई आर. चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट का उद्घाटन करते हुए अमित शाह ने विस्फोट में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 साल में आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। यही नहीं, इस लड़ाई का नेतृत्व करने में प्रधानमंत्री मोदी विश्व में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भी यह कायरतापूर्ण काम किया है और जो लोग इसके पीछे हैं, उन सभी को कानून के सामने खड़ा कर सख्त से सख्त सजा देने के लिए भारत सरकार और गृह मंत्रालय पूरी तरह से कटिबद्ध हैं।

सूत्रों के अनुसार कार विस्फोट के बाद से ही अमित शाह सुरक्षा व जांच एजेंसियों के साथ लगातार मीटिंग कर रहे हैं। बुधवार को शाह के नेतृत्व में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद पूरे मामले की जांच एनआइए को सौंप दिया गया। इसके बाद एनआइए, एनएसजी और एफएसएल के अधिकारियों के साथ बैठकर शाह ने जांच के तेजी से पूरा करने और सभी दोषियों को सजा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश दिये।