Indigo Flight Updates : सोमवार शाम IndiGo ने अपडेट देते हुए बताया कि 3 से 15 दिसंबर के बीच कैंसिल हुई फ्लाइट्स के रिफंड प्रोसेस शुरू हो चूका हैं। इसके अलावा इंडिगो ने यह भी घोषणा की है कि टिकट बदलने या कैंसिल करने पर अब कोई चार्ज नहीं लगेगा। सोशल मीडिया एक्स पर कंपनी ने पोस्ट करते हुए कहा, “हम आपकी परेशानी के लिए बेहद खेद जताते हैं। हमारी टीमें हालात सामान्य करने में लगी हैं।”
इंडिगो के इस नए अपडेट के मद्देनजर एयरलाइन ने रिफंड की तारीख 48 घंटे पहले यानी कि 5 दिसंबर के बजाय 3 दिसंबर कर दी है। बता दे कि पिछले शनिवार को एयरलाइन ने कहा था कि 5 से 15 दिसंबर के टिकटों पर ‘नो क्वेश्चन आस्क्ड पॉलिसी लागू होगी और पूरा रिफंड दिया जाएगा।
वहीँ उड्डयन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इंडिगो अब तक 9.5 लाख टिकटों के रिफंड दे चुका है, जिनकी कीमत 827 करोड़ रुपये है। इनमें से ज्यादातरकरीब 6 लाख टिकट, जिनकी कीमत तक़रीबन 569 करोड़ रुपये है, 1 से 7 दिसंबर के बीच की फ्लाइट्स के थे, जब संकट सबसे ज्यादा था। मंत्रालय ने एयरलाइन को निर्देश देते हुए सभी लंबित रिफंड तुरंत क्लियर करने और जिन यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है उनसे रीशेड्यूलिंग चार्ज न लेने की बात कही है।
उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि इंडिगो पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है ताकि एक उदाहरण पेश हो सके।इस संकट की जड़ें उन नए फ्लाइट सेफ्टी नियमों से जुड़ी हैं जो सरकार ने लगभग दो साल पहले जारी किए थे। इन नियमों का मकसद पायलट थकान कम करना था, जिसके लिए ज्यादा आराम का समय अनिवार्य किया गया।

