Cholesterol Symptoms: बढ़ते LDL के 7 खतनाक संकेत, जिन्हें बिल्कुल न करें नजरअंदाज

Cholesterol Symptoms
Cholesterol Symptoms

Cholesterol Symptoms: कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर की आवश्यक वसा है, जो हार्मोन बनाने, कोशिकाओं के निर्माण और ऊर्जा संचय में मदद करती है। यह दो प्रकार का होता है—गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) और बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL)। जहां HDL हृदय को सुरक्षित रखता है, वहीं LDL के बढ़ने से दिल की धमनियों में प्लाक बनने लगता है, जिससे हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हृदय संबंधी रोगों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि शरीर बैड कोलेस्ट्रॉल के बढ़ने से जुड़े संकेतों को समय रहते पहचाना जाए।

फोर्टिस अस्पताल के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. राहुल भार्गव बताते हैं कि कई बार उच्च कोलेस्ट्रॉल बिना किसी स्पष्ट लक्षण के भी बढ़ता जाता है, लेकिन कई चेतावनी संकेत ऐसे होते हैं जिन्हें बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आइए जानते हैं LDL बढ़ने के वे प्रमुख संकेत जो अक्सर शरीर पहले से ही देने लगता है।

1. त्वचा पर पीली या मोमी परत का दिखना

चेहरे, पलकों, आंखों के किनारों या कानों के आसपास हल्के पीले रंग के धब्बे या परतें दिखाई देने लगें, तो यह शरीर में बढ़ते कोलेस्ट्रॉल का स्पष्ट संकेत हो सकता है। इन्हें मेडिकल भाषा में ज़ैंथोमा कहा जाता है और यह धमनियों में फैट डिपॉजिट के बढ़ने का संकेत होता है।

2. लगातार थकान बने रहना

यदि बिना किसी भारी काम या तनाव के भी शरीर लगातार कमजोर महसूस हो, सुस्ती बनी रहे या ऊर्जा कमी लगे, तो यह बढ़े हुए LDL का शुरुआती संकेत हो सकता है। जब रक्त प्रवाह प्रभावित होता है, तो शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती, जिससे थकान बढ़ने लगती है।

3. थोड़ी गतिविधि में सांस फूलना

सीढ़ियां चढ़ने, कुछ दूरी चलने या हल्की गतिविधि में भी सांस तेजी से फूलने लगे, तो यह चेतावनी है कि हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। खराब कोलेस्ट्रॉल धमनियों को संकुचित कर देता है, जिससे दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।

4. छाती में हल्का या रुक-रुक कर दर्द

सीने में बार-बार हल्का चुभन, भारीपन या दबाव जैसा महसूस होना हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज की ओर इशारा कर सकता है। इन लक्षणों को मामूली समझना खतरनाक हो सकता है।

5. ब्लड प्रेशर का बढ़ना

LDL के बढ़ने से धमनियां कठोर हो जाती हैं, जिससे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या विकसित होने लगती है। सर्दियों के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि इस दौरान रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने लगती हैं।

6. हाथ-पैर सुन्न होना या झनझनाहट

यदि हाथों और पैरों में बार-बार झनझनाहट, सुन्नपन या कमजोरी महसूस हो, तो यह संकेत है कि रक्त प्रवाह बाधित हो रहा है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है, जिससे यह समस्या बढ़ सकती है।

7. टांगों में दर्द और भारीपन

पैरों में बार-बार दर्द रहना, मांसपेशियों में जकड़न या भारीपन महसूस होना भी LDL के बढ़ने से जुड़ा एक आम लक्षण है। यह परिधीय धमनी रोग (Peripheral Artery Disease) का संकेत हो सकता है।

क्या करें?

डॉ. भार्गव के अनुसार, यदि इनमें से कोई भी संकेत दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है। नियमित लिपिड प्रोफाइल टेस्ट, संतुलित आहार, फाइबर-युक्त भोजन, नियमित व्यायाम और तनाव नियंत्रण कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए सबसे प्रभावी उपाय हैं।