Japan Earthquake: जापान के उत्तरी क्षेत्र होक्काइडो में एक बार फिर जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। जो भूकंप इस बार आया, उसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.5 मापी गई। खास बात यह है कि यह झटके उस भीषण भूकंप के केवल 48 घंटे बाद आए हैं, जिसने पिछले सोमवार रात पूरे इलाके को हिला दिया था। उस भूकंप की तीव्रता 7.6 रही थी।
समुद्र में था भूकंप का केंद्र
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने बताया कि भूकंप का केंद्र आओमोरी प्रांत के समुद्री क्षेत्र से लगभग 80 किमी दूर और लगभग 54 किमी की गहराई पर था। इससे पहले आए शक्तिशाली भूकंप के बाद होक्काइडो, आओमोरी और इवाते में 3 मीटर ऊंची सुनामी की आशंका जताई गई थी, जिसके चलते चेतावनी जारी करनी पड़ी थी। बाद में समुद्र की उथल-पुथल कम होने पर इस चेतावनी को कम कर एडवाइजरी में बदल दिया गया।
हाचिनोहे शहर में सबसे तीव्र झटके
भूकंप के झटके कई क्षेत्रों में बेहद तीव्र महसूस किए गए, लेकिन सबसे अधिक प्रभाव हाचिनोहे में देखा गया, जहां ‘शिंडो-6 से ऊपर’ श्रेणी के झटके दर्ज किए गए। इसके कारण भारी फर्नीचर गिर गए और लोगों के लिए खड़े रहना भी मुश्किल हो गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार कुछ लोग घायल हुए हैं, हालांकि बड़े पैमाने पर नुकसान की अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।
90,000 लोगों को चेतावनी, ट्रेनों पर रोक
सरकार ने करीब 90,000 लोगों को अपने घरों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। एहतियात के तौर पर कई क्षेत्रों में ट्रेन सेवाओं को रोका गया या धीमा कर दिया गया। सुनामी की चेतावनी हटाने के बाद भी अधिकारी पूरी तरह सतर्क बने हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
जापान की प्रधानमंत्री सना ताकाइची ने जनता से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और आफ्टरशॉक्स के खतरे को देखते हुए सुरक्षित जगहों पर रहने की कोशिश करें। JMA ने कहा है कि आने वाले दिनों में और भी झटके महसूस किए जा सकते हैं।
‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित जापान हमेशा खतरे में
जापान विश्व के सबसे भूकंपीय क्षेत्रों में से एक— “रिंग ऑफ फायर”— पर स्थित है, जहां भूकंप आना आम बात है। 2011 की विनाशकारी भूकंप-सुनामी आपदा की यादें अभी भी ताजा हैं। हालांकि इस बार किसी बड़े नुकसान या मृत्यु की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, लेकिन आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

