Peter Greene death: हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्ममेकर क्वेंटिन टैरेंटिनो की आइकॉनिक फिल्म पल्प फिक्शन में ‘जेड’ के किरदार से दुनियाभर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पीटर ग्रीन का निधन हो गया है। वह 60 वर्ष के थे। न्यूयॉर्क के मैनहट्टन स्थित उनके अपार्टमेंट से उनका शव बरामद किया गया। उनके मैनेजर ने उनके निधन की पुष्टि की है, जिसके बाद फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
निधन के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 12 दिसंबर को पीटर ग्रीन अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। फिलहाल उनके निधन के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
खलनायक और गहरे किरदारों के लिए थे मशहूर
पीटर ग्रीन को उनके डार्क, नकारात्मक और डरावने किरदारों के लिए खास तौर पर जाना जाता था। पल्प फिक्शन में उनका छोटा लेकिन प्रभावशाली रोल दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक बस गया। इसके अलावा द मास्क में डोरियन के रूप में उनकी अदाकारी को भी काफी सराहना मिली।
अपने करियर के दौरान उन्होंने लॉज ऑफ ग्रेविटी (1992), जजमेंट नाइट (1993), क्लीन, शेवन (1993), अंडर सीज 2 (1995) और द यूजुअल सस्पेक्ट्स (1995) जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय कर एक अलग पहचान बनाई।
हॉलीवुड के लिए अपूरणीय क्षति
8 अक्टूबर 1965 को न्यू जर्सी में जन्मे पीटर ग्रीन का जीवन संघर्षों से भरा रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, किशोरावस्था में उन्होंने घर छोड़ दिया था और कई साल कठिन परिस्थितियों में बिताए। 1990 के दशक की शुरुआत में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और अपने अनोखे अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान खींचा।
उनके निधन से हॉलीवुड ने एक ऐसे अभिनेता को खो दिया है, जिसने सीमित स्क्रीन टाइम में भी अपने किरदारों को यादगार बना दिया।

