‘आसमा’ बना नए दौर के प्यार की आवाज़, ‘दो दीवाने शहर में’ का पहला गाना रिलीज़

Do Deewane Seher Mein
Do Deewane Seher Mein

ज़ी स्टूडियोज़ और भंसाली प्रोडक्शंस की अपकमिंग रोमांटिक फ़िल्म ‘दो दीवाने शहर में’ (Do Deewane Seher Mein) पहले ही अपने सादे, संवेदनशील और रियल टीज़र के ज़रिए दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन चुकी है। यह फ़िल्म उन लोगों से सीधे जुड़ती है, जो परफेक्ट लव स्टोरीज़ से ज़्यादा इम्परफेक्ट, उलझे हुए और सच्चे रिश्तों में भरोसा रखते हैं। अब इस फ़िल्म का पहला गाना ‘आसमा’ रिलीज़ हो चुका है, जिसने दर्शकों की उम्मीदों और एक्साइटमेंट को एक नया आयाम दे दिया है।

टीज़र की तरह ही, गाना ‘आसमा’ भी बेहद सॉफ्ट और इमोशनल टोन में बुना गया है। यह ट्रैक सिर्फ़ प्यार को सेलिब्रेट नहीं करता, बल्कि आज के दौर के उस रिश्ते को दिखाता है जो पूरी तरह साफ़ नहीं, फिर भी बेहद खूबसूरत है। गाने की शुरुआत से ही एक सुकून भरा एहसास पैदा होता है, जो दर्शकों को अपने साथ बहा ले जाता है।

ट्रेडिशनल लव सॉन्ग्स से अलग एक फ्रेश एहसास

‘आसमा’ उन गानों में से है, जो शोर-शराबे और ओवरड्रामैटिक एक्सप्रेशन्स से दूर रहकर अपनी बात कहता है। इसमें न तो भारी-भरकम म्यूज़िक है और न ही जरूरत से ज़्यादा फिल्मी अंदाज़। इसके बजाय, यह गाना सादगी, खामोशी और छोटे-छोटे पलों के ज़रिए प्यार की गहराई को महसूस कराता है। आज के दौर में, जहां रिश्ते अक्सर कंफ्यूज़न और अधूरेपन से भरे होते हैं, ‘आसमा’ उसी सच्चाई को खूबसूरती से पर्दे पर उतारता है।

मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की केमिस्ट्री ने लूटी महफ़िल

गाने की जान है मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की नैचुरल केमिस्ट्री। दोनों की बॉन्डिंग किसी बनावटी रोमांस की तरह नहीं लगती, बल्कि एक रियल कनेक्शन का एहसास देती है। उनकी आंखों की भाषा, छोटे-छोटे साइलेंट मोमेंट्स और बिना कुछ कहे बहुत कुछ महसूस कराने वाला अंदाज़ दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ देता है। ‘आसमा’ में उनका रिलेशनशिप ग्राफ धीरे-धीरे खुलता है, जो इस बात का संकेत देता है कि फ़िल्म भी एक सरप्राइजिंग और दिल से जुड़ी लव स्टोरी पेश करने वाली है।

जुबिन–नीति की आवाज़ और हेशम की धुन ने रचा जादू

गाने को अपनी सुरीली आवाज़ दी है जुबिन नौटियाल और नीति मोहन ने। दोनों की सॉफ्ट और इमोशनल सिंगिंग गाने की फील को और गहराई देती है। वहीं, हेशम अब्दुल वहाब की कंपोज़िशन गाने को एक ऐसा म्यूज़िकल टच देती है, जो सीधे दिल तक पहुंचता है। इसके भावपूर्ण और रिलेटेबल बोल अभिरुचि चंद ने लिखे हैं, जो ‘आसमा’ को ऐसा ट्रैक बनाते हैं, जिसे बार-बार सुना जा सकता है और जो लंबे समय तक ज़हन में बना रहता है।

वैलेंटाइन सीज़न की खास पेशकश

ज़ी स्टूडियोज़ और भंसाली प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत ‘दो दीवाने शहर में’ में लीड रोल में मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी नज़र आएंगे। फ़िल्म का निर्देशन रवि उद्यवार ने किया है, जबकि इसे संजय लीला भंसाली, प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भरत कुमार रंगा ने रवि उद्यवार फ़िल्म्स के सहयोग से प्रोड्यूस किया है।

फ़िल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। माना जा रहा है कि यह फ़िल्म इस वैलेंटाइन सीज़न की सबसे रियल, इमोशनल और दिल को छू लेने वाली लव स्टोरी साबित हो सकती है। ‘आसमा’ के साथ, मेकर्स ने साफ़ कर दिया है कि यह फ़िल्म प्यार को एक नए और सच्चे नज़रिए से देखने की कोशिश है।