दिल्ली की जहरीली हवा पर अंतरराष्ट्रीय चिंता, सिंगापुर ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

Delhi Air Pollution
Delhi AQI

Delhi air pollution: दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर पर पहुंचने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में सिंगापुर के उच्चायोग ने दिल्ली-NCR में रह रहे अपने नागरिकों के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी एडवाइजरी जारी की है।

हाई कमीशन ने यह चेतावनी तब जारी की, जब राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘सीवियर प्लस’ श्रेणी में दर्ज की गई और प्रदूषण से निपटने के लिए भारतीय प्रशासन ने GRAP स्टेज-4 के तहत सबसे कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए। सिंगापुर उच्चायोग ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी स्वास्थ्य दिशानिर्देशों और प्रदूषण संबंधी नियमों का पूरी तरह पालन करें।

यह एडवाइजरी 13 दिसंबर को कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) द्वारा GRAP स्टेज-4 लागू किए जाने के बाद जारी की गई।

GRAP स्टेज-4 के तहत प्रमुख प्रतिबंध

  • निर्माण कार्यों और औद्योगिक गतिविधियों पर सख्त रोक

  • स्कूलों और कार्यालयों को ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड अपनाने की सलाह

  • बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय रोग से पीड़ित लोगों को घर के अंदर रहने की अपील

  • बाहर निकलने पर मास्क पहनने की सख्त सलाह

भारत में सिंगापुर के राजदूत साइमन वोंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली-NCR में रह रहे सिंगापुर नागरिकों को प्रदूषण से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर रखनी चाहिए।

हाई कमीशन ने यह भी आगाह किया कि घने स्मॉग के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे हवाई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और कई एयरलाइनों ने यात्रियों के लिए पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी है। यात्रियों को उड़ान की स्थिति जानने के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8 बजे दिल्ली का औसत AQI 452 दर्ज किया गया, जो ‘सीवियर’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले रविवार को यह स्तर 461 तक पहुंच गया था।

दिल्ली के कई इलाकों में स्थिति और भी गंभीर रही

  • आनंद विहार-493
  • वजीरपुर- 500 (अधिकतम स्तर)
  • आरके पुरम- 477
  • द्वारका सेक्टर-8-462
  • चांदनी चौक- 437
  • आया नगर- 406
  • अक्षरधाम, AIIMS और यशोभूमि समेत राजधानी के बड़े हिस्सों में घना स्मॉग छाया रहा।

CAQM ने अपने आदेश में कहा कि प्रदूषण की मौजूदा प्रवृत्ति को देखते हुए दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता को और खराब होने से रोकने के लिए GRAP स्टेज-4 के सभी प्रावधान तत्काल लागू किए जा रहे हैं, जो पहले से लागू स्टेज-1, 2 और 3 के उपायों के अतिरिक्त हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि 401 से ऊपर का AQI गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करता है और लोगों को बाहरी गतिविधियों को सीमित रखने की जरूरत है।