Pakistan यात्रा के दौरान लापता हुई पंजाब की सिख महिला सरबजीत कौर को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित वीडियो में सरबजीत, पाकिस्तान के निवासी नासिर हुसैन के साथ निकाह कबूल करती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह माना जा रहा है कि सरबजीत ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया है और अपना नाम बदलकर नूर हुसैन रख लिया है।
भारत में बढ़ी चिंता, सिख संगठनों ने उठाए सवाल
इस घटना ने भारत, विशेषकर सिख समुदाय और धार्मिक संगठनों में तीखी प्रतिक्रिया पैदा की है। संगठनों का कहना है कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है और इसकी विस्तृत, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उनका सवाल है कि आखिर किन परिस्थितियों में सरबजीत पाकिस्तान में लापता हुईं और यह निकाह कैसे संपन्न हुआ।
कौन हैं सरबजीत कौर और कैसे हुईं लापता?
सरबजीत कौर पंजाब के कपूरथला जिले के अमनीपुर गांव की निवासी हैं। वह 4 नवंबर को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 1,900 से अधिक श्रद्धालुओं के समूह के साथ पाकिस्तान गई थीं। जत्था अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान पहुंचा था और लगभग दस दिनों तक विभिन्न गुरुद्वारा स्थलों का दर्शन करता रहा।
जब जत्था गुरुवार को भारत लौटा, तो यह पता चला कि सरबजीत कौर वापस नहीं आईं। इसके बाद पंजाब पुलिस ने उनके लापता होने की जांच शुरू की। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, सरबजीत की उम्र लगभग 50 वर्ष है। उनके दो बेटे हैं और वह काफी समय पहले अपने पति से अलग हो चुकी थीं।
धर्म परिवर्तन और निकाह का दावा कैसे सामने आया?
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक निकाहनामा, पासपोर्ट की प्रतियां और अन्य दस्तावेज सामने आए थे। इनमें दावा किया गया कि सरबजीत ने इस्लाम धर्म अपनाकर पाकिस्तान के शेखपुरा जिले के नासिर हुसैन से विवाह कर लिया है। अब वायरल हुआ वीडियो इस दावे को और मजबूत करता है, जिसमें सरबजीत (अब नूर) को पाकिस्तानी काज़ी के सामने निकाह कबूल करते देखा जा सकता है।
Watch the video of Sarbjit Kaur, where she is accepting the Nikah with Pakistani national Nasir Hussain.
Sarbjit, a Sikh pilgrim from Indian Punjab, went missing during a pilgrimage to Pakistan and later surfaced after reportedly converting to Islam and marrying Nasir Hussain of… pic.twitter.com/rGtwaqjcAV— Ravinder Singh Robin ਰਵਿੰਦਰ ਸਿੰਘ ਰੌਬਿਨ (@rsrobin1) November 15, 2025
कौन है नासिर हुसैन?
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नासिर हुसैन पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के शेखपुरा का रहने वाला है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सरबजीत और नासिर के बीच संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से बना था। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है

