Vaishno Devi में भारी भीड़: यात्रा रजिस्ट्रेशन अस्थायी रूप से बंद, जानें क्या है नई व्यवस्था

Vaishno Devi Temple
Vaishno Devi

Vaishno Devi: नए साल के आगमन पर माँ वैष्णो देवी धाम में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि मार्गों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बढ़ती भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

इसी स्थिति को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। भारी भीड़ के कारण यात्रा रजिस्ट्रेशन को फिलहाल 1 जनवरी की सुबह तक अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। यानी, अभी नए श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन नहीं करा सकेंगे, ताकि पहले से मौजूद यात्रियों की सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

नए साल के मौके पर देशभर के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर असाधारण भीड़ उमड़ रही है। श्रीनगर, गुलमर्ग, सोनमर्ग, मनाली, शिमला और नैनीताल जैसे लोकप्रिय स्थलों पर पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

धार्मिक स्थलों की बात करें तो मथुरा, वृंदावन, अयोध्या, काशी, जगन्नाथपुरी, द्वारका, उज्जैन और शिरडी में भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है। खास बात यह है कि इस बार बड़ी संख्या में युवा—यानी GEN Z—ने भी नए साल की शुरुआत मंदिरों में दर्शन के साथ करने का फैसला किया है।

मथुरा-वृंदावन में भीड़ इतनी बढ़ गई है कि शहर में वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। जबकि मंदिर समिति ने 5 जनवरी तक बुज़ुर्गों और छोटे बच्चों के साथ न आने की अपील भी की थी। फिर भी श्रद्धालुओं का जोश कम नहीं हुआ और बांके बिहारी मंदिर में दर्शन का समय बढ़ाना पड़ा।

प्रशासन ने भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त गेट खोले हैं और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। लोगों को लंबी लाइनों में इंतज़ार करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक हालात नियंत्रित हैं। श्रद्धालु कहते हैं कि नए साल की शुरुआत भगवान के आशीर्वाद से करने के लिए थोड़ी असुविधा भी स्वीकार है।