– उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग सीजन-2
नोएडा: उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) सीजन 2 के पांचवें दिन गंगा किंग्स ऑफ मिर्ज़ापुर ने जेडी नोएडा निंजाज़ को दो अंकों (44-42) से हराकर सीजन की पहली जीत हासिल की। अमित नागर को ‘रेडर ऑफ द डे’ घोषित किया गया। नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले गए मैच की शुरुआत दोनों टीमों के बीच बराबरी के संघर्ष के साथ हुई। पहले हाफ में जेडी नोएडा निंजाज़ ने आक्रामक रेडिंग के दम पर बढ़त बनाई और हाफ टाइम तक 8 अंकों की बढ़त हासिल की।
इस दौरान रचित यादव ने रेडिंग में अहम भूमिका निभाई। दूसरे हाफ में गंगा किंग्स ने खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया। एक अहम सुपर रेड से तीन खिलाड़ियों को आउट कर टीम ने जोरदार वापसी की। इसके बाद गंगा ने ऑल-आउट दिलाकर स्कोर का अंतर कम किया। लगातार दबाव बनाए रखते हुए गंगा किंग्स ने बढ़त हासिल की। अंतिम क्षणों में अमित नागर ने गंगा के लिए अहम रेड पॉइंट्स हासिल कर बढ़त बनाए रखी, जिससे टीम को जीत दिलाने में मदद मिली।
गंगा किंग्स ऑफ मिर्जापुर की प्रेसिडेंट वेदिका त्रिवेदी ने टीम को इस अहम जीत के लिए बधाई दी। लगातार तीन हार के बाद मिली इस जीत ने गंगा किंग्स ऑफ मिर्ज़ापुर का आत्मविश्वास बढ़ाया और टीम ने साबित किया कि वे दबाव में भी वापसी करने की क्षमता रखती है। दिन के अन्य मुकाबलों में लखनऊ लायंस और कानपुर वॉरियर्स आमने-सामने रहे, यमुना योद्धाज ने पूर्वांचल पैंथर्स से मुकाबला किया, जबकि बृज स्टार्स और संगम चैलेंजर्स के बीच भी मैच खेला गया।

