IMD Weather Alert: दिल्ली-एनसीआर में ठंड और घना कोहरा, मौसम बदलेगा

IMD Weather Alert
IMD Weather Alert

IMD Weather Alert: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 20 और 21 दिसंबर के दौरान कुछ राज्यों में भारी बारिश और हिमपात हो सकता है, जिसका असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी देखने को मिलेगा।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में अब कड़ाके की सर्दी के संकेत साफ दिखने लगे हैं। दिसंबर का आधा महीना गुजरने के बावजूद अब तक ठंड उतनी तीखी नहीं थी, लेकिन सुबह-शाम की ठिठुरन और प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। IMD की ताजा भविष्यवाणी के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है। पहाड़ी राज्यों में होने वाली बारिश और बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे के रूप में देखने को मिलेगा।

घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई उत्तरी राज्यों के लिए घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है। 21 और 22 दिसंबर को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ठंड का असर अधिक रहने की संभावना है। इसके साथ ही हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है।

IMD के अनुसार तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। हालांकि, इन हवाओं से वायु गुणवत्ता में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हाल ही में दिल्ली की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई, जहां शहादरा में AQI 442 तक पहुंच गया, जबकि कई अन्य इलाकों में यह 358 से 370 के बीच रहा। कोहरे के चलते कई जगहों पर दृश्यता भी काफी कम रही।

मैदानी इलाकों में रहेगा शुष्क मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर मैदानी इलाकों में बारिश के रूप में नहीं पड़ेगा। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसम शुष्क बना रह सकता है, लेकिन ठंड और कोहरे की तीव्रता लगातार बढ़ने की संभावना है।