ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘Dhurandhar’ ने अपनी मजबूत कहानी को और प्रभावी बनाने के लिए पंजाब और चंडीगढ़ की रियल लोकेशनों को शानदार तरीके से बड़े पर्दे पर उतारा है। फिल्म में जहां दमदार एक्शन सीक्वेंस दर्शकों को रोमांच से भर देते हैं, वहीं भावनात्मक दृश्य कहानी से गहरा जुड़ाव पैदा करते हैं।
फिल्म का एक अहम और हाई-एनर्जी एक्शन सीन अभिनेता रणवीर सिंह पर फिल्माया गया है, जिसकी शूटिंग लुधियाना के खेड़ा गांव में की गई। यहां शूट किया गया जबरदस्त फाइट सीन फिल्म के रोमांच को नई ऊंचाई देता है और दर्शकों को सीट से बांधे रखता है।
इसके अलावा, फिल्म का एक भावुक और बेहद महत्वपूर्ण दृश्य अमृतसर बस स्टैंड पर शूट किया गया है। इस सीन में रणवीर सिंह का किरदार पाकिस्तान में प्रवेश करने के बाद पैदल चलते हुए नजर आता है। शूटिंग के लिए अमृतसर बस स्टैंड को पूरी तरह पाकिस्तानी इलाके का रूप दिया गया, जिसे देखकर दर्शकों को यह अंदाजा तक नहीं होता कि यह दृश्य भारत में फिल्माया गया है।
चंडीगढ़ भी फिल्म की कहानी में खास भूमिका निभाता है। यहां की खूबसूरत सुखना लेक उस सीन में दिखाई देती है, जहां रहमान डकैत राजनीति में कदम रखने के बाद एक वॉटर प्रोजेक्ट का उद्घाटन करता है। इसके साथ ही रोज़ गार्डन और शहर की अन्य प्रमुख लोकेशनों पर फिल्माया गया तेज़ रफ्तार बाइक चेज़ सीन फिल्म के विजुअल्स को और भी शानदार बना देता है।
कुल मिलाकर, ‘धुरंधर’ सिर्फ अपनी कहानी, दमदार अभिनय और एक्शन के लिए ही नहीं, बल्कि पंजाब और चंडीगढ़ की पहचान बन चुकी लोकेशनों को प्रभावशाली ढंग से पेश करने के कारण भी दर्शकों के बीच खास जगह बनाने में कामयाब रही है।

