Idols Stolen From Ram Janaki Temple: डलमऊ के रामजानकी मंदिर से अष्टधातु मूर्तियां चोरी, मूर्तियों की कीमत करोडो में

Idols stolen from Ram Janaki Temple: Ashtadhatu idols stolen from the Ram Janaki Temple in Dalmau; the idols are worth crores of rupees
Idols stolen from Ram Janaki Temple: Ashtadhatu idols stolen from the Ram Janaki Temple in Dalmau; the idols are worth crores of rupees

Idols Stolen From Ram Janaki Temple: शनिवार रात चोरों ने डलमऊ,रायबरेली के रामपुर बरारा गांव स्थित रामजानकी मंदिर से राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियां चोरी कर ली, जिनकी कीमत करीब 12 करोड़ बताई जा रही है। अष्टधातु की बनी मूर्तियां मंदिर से चोरी होने से इलाके में आक्रोश व्याप्त है। श्रद्धालुओं का कहना है कि वर्षों पुराने मंदिर में कभी ऐसी घटना नहीं हुई थी, यह घटना पुलिस की सुरक्षा लापरवाही से हुई है।

गांव निवासी राजाराम वाजपेयी के अनुसार वह रामजानकी मंदिर के प्रबंधक हैं तथा 1890 में उनके पूर्वजों ने मंदिर की स्थापना की थी। मंदिर में राम-लक्ष्मण और सीता की लगभग एक क्विंटल की अष्टधातु की मूर्तियां स्थापित की गई थीं। उन्होंने आगे बताया कि रोज की तरह सुबह करीब छह बजे मंदिर पहुंचा तो देखा कि तीनों मूर्तियां गायब हैं। मंदिर के बाहर का ताला तो बंद था, लेकिन अंदर का ताला टूटा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोर चहारदीवारी फांदकर मंदिर के अंदर घुसे। उन्होंने बताया कि मूर्तियों की कीमत करोड़ से ज्यादा की है।

चोरी की सूचना मिलने पर सीओ डलमऊ ने गांव पहुंचकर घटना की जांच की। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर वर्षों पुराना है। मंदिर में स्थापित की गई राम-लक्ष्मण व सीता की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हुई हैं। मंदिर प्रबंधक की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए चोरों का सुराग जुटाया जा रहा है।

दूसरी तरफ मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही आसपास रहने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गयी। सभी का कहना था कि डलमऊ कोतवाली प्रभारी और उनके मातहतों की रात्रिगश्त में ढिलाई के चलते यह घटना हुई है।