Weather Alert: 17 दिसंबर तक बारिश, बिजली और शीतलहर का अलर्ट जारी

Weather Alert
Weather Alert

Weather Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए मौसम को लेकर ताजा चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में ठंड, कोहरा और बारिश का असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 दिसंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम अस्थिर बना रहेगा और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख सहित कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

आईएमडी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। कई क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

शीतलहर से बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य भारत और इससे सटे पूर्वी व उत्तरी प्रायद्वीपीय हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। उत्तर भारत में पहले से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि पंजाब और हरियाणा में सर्दी का असर और तेज हो गया है।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में शीतलहर जारी रह सकती है। इसके अलावा तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी ठंड का प्रभाव देखने को मिलेगा।

कोहरे का असर भी रहेगा
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों—नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा—में भी कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 16 दिसंबर की सुबह घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी इसी दौरान कोहरे की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।