Goa Club Fire: थाईलैंड में पकड़े गए मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स, प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू

Goa Club Fire
Goa Club Fire

Goa Club Fire:  गोवा के चर्चित ‘बर्च बाय रोमियो लेन्स’ नाइटक्लब में हुए भीषण आग हादसे के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। हादसे के मुख्य आरोपी और क्लब के मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को थाईलैंड में गिरफ्तार कर लिया गया है। गोवा पुलिस ने दोनों भाइयों की पहली तस्वीरें भी जारी कर दी हैं और अब उन्हें भारत वापस लाने की तैयारी तेज कर दी गई है।


हादसे के तुरंत बाद थाईलैंड भागे थे दोनों भाई

7 दिसंबर की रात को हुए इस विनाशकारी हादसे में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि आग लगने के कुछ ही घंटों बाद दोनों लूथरा ब्रदर्स इंडिगो की फ्लाइट से थाईलैंड भाग निकले थे।
पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही विदेश मंत्रालय ने दोनों के पासपोर्ट निलंबित कर दिए, जिसके कारण वे फुकेट से आगे नहीं जा सके।


थाईलैंड में गिरफ्तारी के बाद अब प्रत्यर्पण की तैयारी

लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इंटरनेशनल स्तर पर प्रयास किए। अब गिरफ्तारी के बाद प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की गई है ताकि उन्हें जल्द से जल्द भारत लाया जा सके और गैर-इरादतन हत्या समेत गंभीर धाराओं में पूछताछ की जा सके।
यह कदम इस बड़े हादसे में न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


सह-मालिक अजय गुप्ता से दिल्ली में पूछताछ

PTI के अनुसार, क्लब के सह-मालिक अजय गुप्ता को आग कांड के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के वसूली और अपहरण रोधी सेल में पूछताछ के लिए बुलाया गया।
गुप्ता ने पूछताछ में दावा किया कि वह क्लब में सिर्फ एक साझेदार हैं।

सूत्रों का कहना है कि घटना के बाद गुप्ता लगातार जांच टीम से बचते रहे। गोवा पुलिस जब पहली बार दिल्ली में उनकी तलाश में पहुंची, वे नहीं मिले। इसके बाद उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया।