Private Video Leak: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित तौर पर प्रसिद्धि पाने की सनक में अपनी पत्नी का निजी वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। घटना के उजागर होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल वह फरार है और उसकी लोकेशन मुंबई के आसपास बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर ‘फेमस’ होने की चाह बनी वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अश्लील कंटेंट देखने का आदी था और उन पात्रों को अपना आदर्श मानने लगा था। इसी जुनून में उसने अपनी पत्नी का 13 मिनट 14 सेकंड का निजी वीडियो रिकॉर्ड कर जानबूझकर इंटरनेट पर अपलोड कर दिया।
“मुझे कोई पछतावा नहीं”— पति का चौंकाने वाला बयान
जब पत्नी ने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि उसने वीडियो जानबूझकर पोस्ट किया है और उसे इसका कोई अफसोस नहीं है। उसका कहना था कि वह लोगों के बीच पहचान और लोकप्रियता चाहता था।
दहेज विवाद भी बना तनाव की वजह
पीड़िता के भाई के अनुसार, आरोपी शुरू से ही दहेज को लेकर दबाव बना रहा था। शादी 10 मई को हुई थी और उसने 3 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से 2 लाख रुपये दिए गए थे। आरोप है कि मनचाही रकम न मिलने के कारण पति ने यह अमानवीय कदम उठाया।
पीड़िता का दर्द: “मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी”
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता मानसिक रूप से बेहद टूट गई है। उसने बताया कि आरोपी ने रिश्तेदारों और जानकारों तक वीडियो भेज दिया, जिससे वह सामाजिक रूप से अपमानित हो गई है।
उसका कहना है, “उसने मुझे कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा। मेरी जिंदगी तबाह कर दी।”
पुलिस की कार्रवाई जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी को पकड़ने के लिए टीम मुंबई रवाना कर दी गई है।

