Delhi AQI: तेज हवाओं से दिल्ली में हवा हुई साफ, प्रदूषण स्तर गिरकर AQI 259 पर पहुंचा

Delhi Air Pollution
Delhi AQI

Delhi AQI: दिल्ली में चल रही तेज हवाओं ने राजधानी की जहरीली हवा को कुछ हद तक साफ कर दिया है। इसके साथ ही शहर के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI घटकर 259 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में शामिल है।

इससे पहले मंगलवार को यह स्तर 282 दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार को AQI 314 और रविवार को 308 रहा था। लगातार नौ दिनों तक “बेहद खराब” श्रेणी में रहने के बाद मंगलवार को ही पहली बार AQI 300 से नीचे आया था, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार AQI के स्तर को इस प्रकार वर्गीकृत किया जाता है:

  • 0–50: अच्छा

  • 51–100: संतोषजनक

  • 101–200: मध्यम

  • 201–300: खराब

  • 301–400: बहुत खराब

  • 401–500: गंभीर

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्ष आर्द्रता 79% रही, जबकि शाम को यह घटकर 59% हो गई।

विभाग के अनुसार गुरुवार को दिल्ली में हल्का कोहरा छा सकता है। न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।