Gurugram News: गुरुग्राम में सोशल मीडिया के एक वायरल वीडियो ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। कुछ सेकंड का यह वीडियो इंटरनेट पर जैसे ही फैला, लोगों का गुस्सा भड़क उठा। वीडियो में एक युवक गाय को मोमोज खिलाता नजर आ रहा था, जिसे कई लोगों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया।
यह घटना गुरुग्राम की न्यू कॉलोनी की है, जहां 20 वर्षीय ऋतिक, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी में BA English Honours का छात्र है, अक्सर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Web Prism पर लाइव टास्क करके फॉलोअर्स बढ़ाने की कोशिश करता था। उसी प्लेटफॉर्म पर उसे एक टास्क मिला था—कैमरे पर दो प्लेट मोमोज LIVE खत्म करना।
पहली प्लेट आसानी से खत्म हो गई, लेकिन दूसरी प्लेट खाते-खाते ऋतिक का पेट भर गया। कैमरा चालू था, दर्शक लगातार जुड़े हुए थे। इसी दौरान पास खड़ी एक गाय नजर आई। टास्क के दबाव और दर्शकों को खुश करने की जल्दबाजी में उसने अपनी बची हुई प्लेट गाय की ओर बढ़ा दी। कुछ ही सेकंड का यह दृश्य इंटरनेट पर आते ही उसके खिलाफ तीखा विरोध शुरू हो गया।
Young man from #Gurugram was thrashed by locals and slapped with an FIR after a video of him allegedly feeding #chickenmomo to a #cow during a live stream gone viral on social media#hindu #meat #chicken #viralvideo #trending #latest #news #momos #momo pic.twitter.com/Hna8ir1Zuu
— Manchh (@Manchh_Official) December 10, 2025
वीडियो जब गोरक्षक और हिंदू संगठनों तक पहुंचा, तो मामला अचानक तूल पकड़ गया। कई लोगों ने उसे पकड़कर मारपीट की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर IPC की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पूछताछ में ऋतिक ने स्वीकार किया कि उसने टास्क पूरा करने के दबाव में बिना सोचे-समझे यह कदम उठाया। उसने कहा कि वह “सोशल मीडिया के इन्फ्लुएंस” में आकर गलत फैसला कर बैठा।
ऋतिक के परिवार ने भी घटना पर चिंता व्यक्त की। उसके पिता, जो एक दुकानदार हैं, और मां, जो डॉक्टर हैं, ने बताया कि उनका बेटा किसी जानवर का अपमान करने वाला व्यक्ति नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया की “चुनौती संस्कृति” ने उसे ग़लत दिशा में धकेल दिया।
यह प्रकरण एक बार फिर इस बड़े सवाल को सामने लाता है—क्या फॉलोअर्स, लाइक्स और ऑनलाइन टास्क की रोमांचकारी होड़ युवा पीढ़ी की संवेदनशीलता और विवेक पर भारी पड़ रही है?
सोशल मीडिया की ‘वायरल’ दुनिया ने रफ्तार तो दी है, लेकिन इसके साथ आने वाली गैर-जिम्मेदार चुनौतियों ने कई बार ऐसे मामले खड़े किए हैं, जो समाज में तनाव और विवाद को जन्म देते हैं। गुरुग्राम का यह मामला भी उसी की एक कड़ी बनकर सामने आया है।

