Delhi News : दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-21से चौकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शनिवार की देर रात बस चालक की हत्या कर दी गयी। मामला रोहिणी सेक्टर-21 स्थित शिव चौक का है, जहाँ साइड न देने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवारों ने अपने रिश्तेदारों को बुलाकर डीटीसी इलेक्ट्रिक बस चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव कर रहे एक राहगीर को भी इन लोगों ने घायल कर दिया।
बस कंडक्टर के बयान के आधार पर कार्रवाही करते हुए अमन विहार थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर, एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, अन्य आरोपितों के संभावित ठिकानों पर पुलिस छापेमारी जारी है। मृतक की शिनाख्त 28 वर्षीय विकास के रूप में हुई है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात 11:20 बजे शिव चौक के सिटी वाटिका के पास झगड़ा होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर जब पुलिस वहां पहुंची तो उन्होंने पाया कि डीटीसी बस चालक विकास अचेत और बीच बचाव में आया अन्य व्यक्ति जिसका नाम सूरज है, घायल अवस्था में पड़े है। दोनों को पास के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया जहाँ से डाक्टरों ने विकास को सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया, मगर इलाज के दौरान विकास की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार भीड़भाड़ वाली सड़क पर साइड देने को लेकर डीटीसी बस चालक और शादी में आए एक आल्टो कार चालक के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि आल्टो चालक ने शादी समारोह में मौजूद अपने रिश्तेदारों को बुला लिया। जिसके बाद सभी ने बस चालक विकास की लात घूसों से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान विकास के शरीर में अंदरूनी चोट लगी थी, तो मारपीट के दौरान बीच-बचाव कर रहा एक राहगीर सूरज को भी चोटें आईं। पुलिस ने कार नंबर के माध्यम से आरोपितों की पहचान कर राहुल नाम के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, वहीँ झगड़ा करने वाले उसके चाचा और चचेरे भाई के साथ अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
रविवार को रोहिणी सेक्टर-37 डीटीसी बस डिपो के कर्मचारियों ने हत्या के विरोध में यूईआर-2 पर विरोध प्रदर्शन करते हुए हाई-वे जाम कर दिया, जिसके चलते यूईआर-2 पर करीब डेढ़ से दो घंटेे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस के जवानों ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

