Birch By Romeo Lane Accident : शनिवार रात गोवा के मशहूर नाइटक्लब ‘Birch By Romeo Lane’ में बड़े हादसे में कई ज़िन्दगी मौत के मुंह में समा गयी। सूत्रों की माने तो क्लब के अंदर तक़रीबन 100 पर्यटक ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ का मजा ले रहे थे, कि तभी डांस फ्लोर के पास अचानक से आग भड़क उठी और चंद लम्हों में पूरी जगह धुएं और आग की चपेट में आ गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आप देख सकते है कि एक डांसर स्टेज पर परफॉर्म कर रही थी, तभी उसके पीछे कंसोल पर आग भड़क उठी। वहां मौजूद स्टाफ शुरुआत में बस लैपटॉप हटाते दिखे, वहां मौजूद पर्यटक भी सामान्य स्थिति में थे, परन्तु जैसे ही आग फैलने लगी, लोग घबराकर वहां से बाहर भागने लगे।
इस भगदड़ में कई पर्यटक बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई लोग नीचे बने किचन की ओर भागे और वहीं फंस गए। हादसे का समय करीबन 1 बजे बताया जा रहा है, जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, तब तक 25 लोग अपने जान से हाथ धो बैठे थे। मृतकों में पर्यटकों के अलावा क्लब के कर्मचारी भी शामिल हैं। वहीं छह लोग घायल हैं और कई शवों की पहचान अभी होना बाकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को पूरी मदद दे रही है।


