California News: कैलिफोर्निया के स्टॉकटन शहर में शनिवार की रात एक जन्मदिन समारोह देखते ही देखते भयावह त्रासदी में बदल गया। एक बच्चे की बर्थडे पार्टी के दौरान अचानक की गई फायरिंग ने पूरे माहौल को दहशत में बदल दिया। इस घटना में कुल 14 लोगों को गोली मारी गई, जिनमें से 4 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
सैन जोआक्विन काउंटी शेरिफ कार्यालय की प्रवक्ता हीदर ब्रेंट ने इस घटना की पुष्टि की, लेकिन जांच के चलते विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला स्टॉकटन के एक रेस्टोरेंट में आयोजित जन्मदिन पार्टी के दौरान हुआ और शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि फायरिंग जानबूझकर की गई थी। हमलावर अभी भी फरार है, जिससे स्थानीय निवासियों में गहरी चिंता और डर का माहौल है।
घटना के कुछ ही मिनटों बाद शेरिफ कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि गोलीबारी ल्यूसील एवेन्यू के 1900 ब्लॉक में हुई। कई घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, फायरिंग डेयरी क्वीन रेस्टोरेंट के भीतर या उसके आसपास हुई थी, जहां बर्थडे सेलिब्रेशन चल रहा था। स्टॉकटन के वाइस मेयर जैसन ली ने भी पुष्टि की कि यह हमला एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी के दौरान हुआ, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया।
वाइस मेयर ली ने फेसबुक पर घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आइसक्रीम शॉप जैसी जगह पर परिवारों को अपनी सुरक्षा की चिंता में डरकर भागना पड़े—यह किसी भी समुदाय के लिए अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि बच्चों, माता-पिता और पड़ोसियों को ऐसी हिंसा का सामना करते देखना बेहद दुखद है। ली ने आश्वासन दिया कि वे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि दोषी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी जताई।

