Tempo Robbery Gang : पहले सीएनजी टेंपो किराये पर लेना और फिर उसी टेम्पों से लूटपाट करना, किसी शातिर दिमाग की उपज लगने वाली ये सच्चाई है पटना की, जहाँ बिदुपुर और गंगाब्रिज थाना क्षेत्र में जीजा और साली इसी तरह से लूटपाट कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ सदर वन सुबोध कुमार ने बताया कि इस सारे कांड के पीछे कंचनपुर निवासी रामेश्वर पंडित का पुत्र राजकिशोर पंडित तथा उसकी साली, समस्तीपुर जिले के वानवेकरनोती निवासी सुनील पंडित की पत्नी छोटी कुमारी का तेज़ दिमाग है।
उन्होंने आगे बताया कि दोनों पटना के दीघा से सीएनजी टेंपो बुक कर उसे बिदुपुर व गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के सुनसान इलाकों में ले जाते थे और उसके बाद चालक को लूट उसी टेंपो का उपयोग शराब के अवैध धंधे में करते थे। इस मामले में जांच के दौरान बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी उदय सिंह के पुत्र विशाल कुमार को पुलिस ने कुछ दिनों पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उस समय लूटा गया सीएनजी टेंपो और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था। उसी मामले में फरार चल रहे दोनों जीजा–साली को भी अब गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

