Winter Holidays In Uttar Pradesh : लगातार बढ़ रहे घने कोहरे और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए संभल में कक्षा नर्सरी से 12 तक के सभी स्कूलों में दो दिन का शीत अवकाश घोषित कर दिया गया है। सरकार ने ऐसा कदम बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए उठाया है, ऐसे में 23 और 24 दिसंबर की छुट्टी परिषदीय, राजकीय, निजी, सहायता प्राप्त और समस्त बोर्ड के विद्यालयों पर लागू रहेगी।
डीएम डा. राजेंद्र पैंसिया ने आदेश दिया है कि हर हाल में आदेश का पालन किया जाना चाहिए। लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के कारण यह फैसला लिया गया है, ताकि सर्दी के मौसम में उनकेबच्चो के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। वहीँ जिन विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं तय हैं, वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी। इतना ही नहीं, अवकाश के दौरान स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और शैक्षणिक कर्मचारी अपने विभागीय कार्यों और अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहेंगे।
सोमवार को जनपद संभल में कड़ाके की सर्दी का असर इस कदर था कि लोग अलाव के सहारे सर्दी से बचने का प्रयास करते नज़र आए, वहीँ रात के समय घने कोहरा था, जो सुबह 11 बजे तक बना रहा। जनपद का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

