Rajdhani Express Accident : शनिवार सुबह असम के लुमडिंग डिवीजन में सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस जंगली हाथियों के झुंड से टकरा जाने के कारण बड़ा हादसा हो गया है। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए, साथ ही कई हाथियों को नुकसान पहुंचा है। वन अधिकारी ने मुताबिक कि शनिवार तड़के असम के होजाई जिले में, जो कि गुवाहाटी से लगभग 126 किलोमीटर दूर स्थित है, सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 8 हाथियों की मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार इस दुर्घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हादसे के बाद से ऊपरी असम और पूर्वोत्तर की रेल सेवाएं बाधित हो चुकी है। रेलवे ने बचाव कार्य शुरू करने के साथ साथ यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था कर आगे की यात्रा सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रेल दुर्घटना पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के लुमडिंग डिवीजन के तहत जमुनामुख-कामपुर खंड में हुई।
घटना के तुरंत बाद राहत ट्रेनें और रेलवे अधिकारी बचाव अभियान शुरू करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए। पटरी पर हाथियों के शरीर के टुकड़े बिखरने और डिब्बे उतरने के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। एनडीटीबी की रिपोर्ट के अनुसार , इस हादसे में प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को ट्रेन के अन्य डिब्बों में उपलब्ध खाली बर्थों में अस्थायी रूप से बैठाया जाएगा। इसके बाद गुवाहाटी पहुंचने पर ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे। ताकि सभी यात्रियों को सीट मिल सके और फिर ट्रेन अपने आगे की यात्रा के लिए रवाना हो सके।

