Jodhpur-Kamakhya Express Incident : गुरुवार की सुबह हरदास बीघा स्टेशन के पास सुबह करीब साढ़े चार बजे अज्ञात बदमाशों ने एक साथ चार अलग-अलग कोचों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बता दे कि चोरी की ये घटना जोधपुर से कामाख्या जा रही 15623 डाउन कामाख्या एक्सप्रेस में हुयी। घटना को अंजाम को देते हुए बदमाशों ने पहले यात्रियों के पर्स और अन्य कीमती सामान चुराए और उसके बाद चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई, फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन के बी-1, बी-6, ए-1 और ए-2 कोच में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना की जानकारी देते हुए यात्रियों ने बताया कि घटना के वक्त अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने अपना काम कर दिया। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री कमलेश कुमार ने सबसे पहले इस घटना की सूचना रेल मदद के माध्यम से दी, जिसके बाद शिकायत आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) तक पहुंची।
इस मामले में आरपीएफ ने बताया है कि ऑनलाइन आवेदन के आधार पर छानबीन की जा रही है। संबंधित कोचों के यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, चेन पुलिंग के स्थान के आधार पर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से रात के समय ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने, गश्त तेज करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

