WPL 2026 : नादिन डी क्लार्क बनीं मैच की हीरो, MI को पहले मैच में हार

WPL 2026: Nadine de Klerk becomes the hero of the match, MI suffers defeat in their first match
WPL 2026: Nadine de Klerk becomes the hero of the match, MI suffers defeat in their first match

WPL 2026 : महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के चौथे सीजन की शुरुआत शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले के साथ हुई। पहले मैच में नादिन डी क्लार्क के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 3 विकेट से शिकस्त दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 154 रन बनाए। सजीवन सजना ने 25 गेंदों पर 45 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि निकोला केरी ने 29 गेंदों में 40 रन बनाए। जी कमलिनी ने 32 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 20 रन जोड़े। RCB की ओर से नादिन डी क्लार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट झटके।

155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत अच्छी रही। स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े, लेकिन मंधाना के आउट होते ही टीम लड़खड़ा गई। लगातार विकेट गिरने के बाद नादिन डी क्लार्क और अरुंधति रेड्डी ने पारी को संभाला और अर्धशतकीय साझेदारी की। रेड्डी ने 20 रन बनाए। आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 18 रनों की जरूरत थी। नादिन डी क्लार्क ने दबाव में 2 चौके और 2 छक्के जड़ते हुए टीम को जीत दिला दी। क्लार्क ने 44 गेंदों पर 63 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि प्रेमा रावत 8 रन बनाकर नाबाद रहीं।

मुंबई की ओर से निकोला केरी और अमेलिया केर को 2-2 विकेट मिले। मैच से पहले आयोजित ओपनिंग सेरेमनी में योयो हनी सिंह और जैक्लीन फर्नांडीस की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, वहीं मिस यूनिवर्स हरनाज संधू की मौजूदगी ने समारोह की रौनक बढ़ा दी।