T20 World Cup 2026 Super 8: ऑस्ट्रेलिया (Australia) क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने वाली नई टीम बन गई है। कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में जिम्बाब्वे और आयरलैंड (Zimbabwe and Ireland) के बीच खेला जा रहा मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया, जिसके बाद जिम्बाब्वे सुपर 8 चरण में जगह पक्की करने वाली सातवीं टीम बन गई है। ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी कि आयरलैंड जिम्बाब्वे को हरा देगा ताकि उन्हें टूर्नामेंट में बने रहने का मौका मिल सके। लेकिन मौसम को कुछ और ही मंजूर था।
T20 World Cup 2026 Super 8: ऑस्ट्रेलिया टी20 विश्व कप 2026 की दौड़ से बाहर
आयरलैंड के खिलाफ 67 रनों की शानदार जीत के साथ टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करने के बाद ऑस्ट्रेलिया को लगातार दो झटके लगे, जिससे टूर्नामेंट से उनका बाहर होना लगभग तय हो गया। पहले उन्हें जिम्बाब्वे के हाथों 23 रनों की चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा। फिर श्रीलंका ने उन्हें 8 विकेट से हराया, जिससे उनकी हार लगभग तय हो गई।
मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया की नजर आयरलैंड और जिम्बाब्वे के मुकाबले पर थी। जहां ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी की आयरलैंड जिम्बाब्वे को हरा देगा, जिससे उनके सुपर 8 में क्वालीफाई करने का सपना बरकरार रहेगा। वहीं अगर ऑस्ट्रेलिया लीग चरण के अंतिम मैच में ओमान को बड़े अंतर से हरा देता, तो वह सिकंदर रजा और उनकी टीम को पछाड़कर अगले चरण में पहुंच सकता थे। हालांकि, कैंडी में लगातार बारिश ने ऑस्ट्रेलिया की हार पक्की कर दी, क्योंकि जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड का मैच रद्द हो गया।
ऑस्ट्रेलिया टी20 विश्व कप में अपने प्रदर्शन से बेहद निराश होगा। जोश हेजलवुड, पैट कमिंस जैसे स्टार खिलाड़ी टीम में नहीं थे। मिशेल मार्श आंतरिक अंडकोषीय रक्तस्राव के कारण शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए, जो ऑस्ट्रेलिया के लिए काफी महंगा साबित हुआ। जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ गेंदबाजी में खराब प्रदर्शन ही उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने के लिए काफी था।

