MS Dhoni IPL Retirement: क्या एमएस धोनी ने ले लिया है आईपीएल से रिटायरमेंट, ‘कहा मेरा शरीर अब कमजोर है’

MS Dhoni IPL Retirement: सोमवार की रात चेपॉक में क्या होने वाला था यह किसी को नहीं पता था। एक सामान्य आईपीएल मैच? चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की दर्दनाक हार? या एमएस धोनी (MS Dhoni) के करियर का अंत? सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की जीत के बाद भी दर्शक काफी देर तक स्टेडियम में रुके रहे, मुख्य रूप से इसलिए क्योंकि एमएस धोनी अभी भी वहीं थे, पीले रंग की जर्सी में स्टेडियम में धीरे-धीरे घूम रहे थे।

यह सीएसके का आखिरी घरेलू मैच था और धोनी हमेशा कहते रहे हैं कि वह चेपॉक में अपना आखिरी मैच खेलेंगे। उत्सुकता थी। कुछ लोगों को उम्मीद थी कि वह सीएसके बनाम एसआरएच का मैच खेलेंगे, क्योंकि वह टीम के साथ आए थे और एक दिन पहले घंटों अभ्यास किया था। लेकिन उनका नाम टीम शीट में नहीं था। उन्हें मैदान पर देखा गया, हर किसी से हाथ मिलाते हुए।

चेपॉक में पहले से ही विदाई का माहौल था। सीएसके एक बार फिर हार गई थी; प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी थीं और धोनी पीले रंग की जर्सी में थे। लेकिन पिंडली की चोट के कारण अभी भी खेलने में असमर्थ थे, वह टीम के साथ स्टेडियम का चक्कर लगा रहे थे। दर्शक रुके रहे। लोगों ने अपने फोन निकाल लिए। हर कोई आखिरी बार धोनी की एक झलक देखना चाहता था। कैमरा हमेशा धोनी पर ही टिका रहा, जिन्होंने अपने पुराने दोस्त सुरेश रैना से मुलाकात की, जिन्होंने एक दिलचस्प बात बताई।

ये भी पढ़ें- U23 Cricket Format Update: अंडर-23 प्रतियोगिता में बड़ा बदलाव करने जा रही है बीसीसीआई, 50 ओवरों की जगह अब इस फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट

MS Dhoni IPL Retirement: रैना को अब भी विश्वास है कि एमएस धोनी वापसी कर सकते हैं।
मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए, रैना ने मैदान के चक्कर के दौरान धोनी के साथ हुई अपनी बातचीत का ब्योरा साझा किया। पूर्व सीएसके बल्लेबाज ने मजाक में कहा कि आईपीएल 2026 को धोनी का विदाई सत्र नहीं माना जाना चाहिए। क्योंकि उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला।

रैना ने बताया कि, “मैंने उनसे कहा कि, ‘आपने आईपीएल 2026 को मिस कॉल कर दिया है। इसे नहीं गिना जाएगा। आपको अगले साल वापसी करनी होगी।’ उन्होंने कहा कि, ‘नहीं यार, शरीर थोड़ा कमजोर है’।” यह एक वाक्य रात भर चर्चा का विषय बना रहा।

धोनी द्वारा अपने शरीर के बारे में खुलकर स्वीकार करने के बावजूद, रैना ने जोर देकर कहा कि आईपीएल 2027 के लिए अभी भी उम्मीद बाकी है।

उन्होंने कहा कि, “मैंने कहा, ‘हम किसी भी बात पर यकीन नहीं कर रहे हैं। आपको अगले साल खेलना ही होगा।’ यह उनका निजी फैसला है। मुझे लगता है कि वह सकारात्मक हैं। टीम भी फिर से अच्छी तरह से तालमेल बिठा रही है।” रैना ने यह भी कहा कि धोनी ने पूरी तरह से दरवाजे बंद नहीं किए हैं। “प्रशंसक भी चाहते हैं कि आप आएं। उन्होंने कहा कि, ‘देखने दीजिए’। अगर वह कहते हैं कि देखने दीजिए, तो संभावना है कि वह कड़ी मेहनत करेंगे और फिर से खेलेंगे।”